यूपी के इन दो शहरों को योगी का तोहफा, मिली यह नई मंजूरी, जानकर खुश हो जाएंगे आप

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 02 Dec 2025, 03:39 pm
news-banner

यूपी के महानगर कानपुर और बरेली को योगी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने यहां पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए 580 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं को मंजूरी दी है। आइए पूरा अपडेट जानते हैं।

योगी कैबिनेट ने शहरी पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दो अहम परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि अटल नवीकरण एवं शहरी रूपांतरण मिशन (अमृत 2.0) के तहत बरेली और कानपुर नगर निगम क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुधारने और नेटवर्क विस्तार के लिए कुल ₹582.74 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। सरकार का मानना है कि ये योजनाएं दोनों शहरों की बड़ी आबादी के लिए स्वच्छ और नियमित पेयजल सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण साबित होंगी।


बरेली नगर निगम में पेयजल प्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए फेज-1 पुनर्गठन परियोजना को पहले ही व्यय वित्त समिति की मंजूरी मिल चुकी है। इस योजना पर ₹26,595.46 लाख खर्च होने प्रस्तावित हैं, जिसमें भारत सरकार का ₹8,530.96 लाख, राज्य सरकार का ₹14,504.95 लाख और नगर निगम का ₹2,559.55 लाख का अंश शामिल है। परियोजना के पूरा होने पर शहर की लगभग 92% आबादी, यानी करीब 9 लाख लोग, बेहतर और सुरक्षित पेयजल आपूर्ति से लाभान्वित होंगे। साथ ही पुराने नेटवर्क में सुधार और प्रेशर की समस्या दूर होने से सप्लाई अधिक स्थिर होगी।


दूसरी ओर, कानपुर नगर निगम क्षेत्र के ईस्ट और साउथ सर्विस डिस्ट्रिक्ट में पेयजल पाइपलाइन विस्तार के लिए ₹31,678.88 लाख की परियोजना को मंजूरी दी गई है। इसमें भारत सरकार का हिस्सा ₹7,610.32 लाख, राज्य सरकार का ₹18,264.77 लाख और नगर निगम का ₹4,566.19 लाख का अंश शामिल है। इस योजना से कानपुर के 33 वार्डों की पूरी आबादी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। जलजनित बीमारियों में कमी आने और नागरिकों को निर्बाध जलापूर्ति मिलने की उम्मीद है।


दोनों परियोजनाओं के लागू होने से उत्तर प्रदेश के इन दो बड़े नगरों में पेयजल व्यवस्था अधिक विश्वसनीय, आधुनिक और व्यापक हो जाएगी। अमृत 2.0 के तहत किया जा रहा यह निवेश शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा और लाखों लोगों के जीवन स्तर में सीधा सुधार लाएगा।


यह भी पढ़ें- 'जनता का है जनेश्वर मिश्र पार्क, भाजपा का नहीं, व्यावसायिक व निजी कार्यक्रम आयोजित कराकर पैसे न कमाए' भड़के अखिलेश

advertisement image