Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 25 Nov 2025, 01:46 pm
फतेहपुर जनपद के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा कस्बे में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक लेखपाल ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि यह कदम उसने अपनी शादी से ठीक एक दिन पहले उठाया। उसके इस फैसले से हर कोई हैरान है और यह जानने की कोशिश कर रहा है कि आखिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। फिलहाल सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधिकारी और एसडीएम पहुंचे हैं। साथ ही उन्होंने मामले जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय सुधीर पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल के रूप में हुई है। वह डेढ़ साल पहले ही लेखपाल के पद पर नियुक्त हुआ था। बताया गया कि सुबह करीब 7 बजे लोगों को उसके कमरे का दरवाजा लंबे समय तक न खुलने पर संदेह हुआ। जब दरवाजा तोड़ा गया तो सुधीर का शव फांसी पर लटका मिला और उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी प्रियंका अग्रवाल और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।
एसआईआर के बोझ से मानसिक रूप से परेशान था लेखपाल
परिजनों के मुताबिक सुधीर पर एसआईआर कार्य को लेकर अत्यधिक दबाव था। उनका कहना है कि लगातार बढ़ते काम के बोझ और तनाव की वजह से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि काम के दबाव ने ही उसे यह कदम उठाने पर मजबूर किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आगे की जांच जारी है।
बुधवार को सीतापुर जानी थी बारात, घर में चल रही थीं तैयारियां
गौरतलब है कि बुधवार को सुधीर की बारात बिंदकी क्षेत्र के सीतापुर गांव जानी थी। उसकी शादी काजल पुत्री रघुनंदन निवासी सीतापुर से तय थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया और पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- यूपी में रातभर गोलियों की तड़तड़ाहट, हापुड़ और प्रयागराज में जो हुआ, जानकर आप भी कहेंगे- जरूरी था