Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 20 Apr 2026, 07:04 pm
आगरा यूनिवर्सिटी के खंदारी कैंपस स्थित सावित्रीबाई फुले छात्रावास में सोमवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ। आग लगने के बाद छात्रावास में मौजूद छात्राओं और कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाई और हालात को बिगड़ने नहीं दिया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मॉकड्रिल आई काम
छात्रावास की वार्डन रत्ना पांडे के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। पास में रखा कागज का कार्टन होने की वजह से आग थोड़ी भड़क गई। लेकिन राहत की बात यह रही कि घटना से एक सप्ताह पहले ही फायर विभाग द्वारा छात्रावास में मॉकड्रिल कराई गई थी। इस दौरान छात्राओं को आग बुझाने के तरीके और आपात स्थिति में संयम बनाए रखने का प्रशिक्षण दिया गया था। यही प्रशिक्षण इस घटना में बेहद कारगर साबित हुआ।
छात्राओं ने दिखाया साहस, खुद ही बुझाई आग
छात्रा रोली गुप्ता ने बताया कि घटना के समय सभी छात्राएं अपने कमरों में पढ़ाई कर रही थीं। जैसे ही आग लगी, किसी ने घबराहट नहीं दिखाई और तुरंत फायर सिलेंडर का इस्तेमाल कर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। छात्रा अनुष्का कुमारी ने बताया कि शुरुआत में थोड़ी घबराहट जरूर हुई, लेकिन कुछ छात्राओं ने साहस दिखाते हुए स्थिति संभाल ली। सिक्योरिटी गार्ड के मुताबिक, सभी लोग तुरंत अलर्ट हो गए थे और फायर उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
बड़ा हादसा टला, सबक बनी घटना
इस घटना ने यह साबित कर दिया कि आपात स्थिति में सही प्रशिक्षण और सतर्कता कितनी जरूरी होती है। अगर समय रहते कार्रवाई न होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। छात्रावास में मौजूद फायर उपकरण और हाल ही में हुई मॉकड्रिल ने मिलकर इस घटना को गंभीर होने से बचा लिया।