देश में डीजल-पेट्रोल संकट गहराना विदेश नीति का फेलियर, युद्ध के समय भी भाजपा करना चाहती है मुनाफाखोरी: अखिलेश यादव

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Mar 2026, 04:12 pm
news-banner

लखनऊ में इफ्तार पार्टी के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पेट्रोल-डीजल और गैस संकट को विदेश नीति की विफलता बताया। उन्होंने सरकार पर मुनाफाखोरी का आरोप लगाया और प्रदेश की कानून व्यवस्था तथा विकास के मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में इफ्तार पार्टी के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की स्थिति विदेश नीति की विफलता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि युद्ध कोई नहीं चाहता क्योंकि इससे जान-माल का नुकसान होता है। भारत को ऐसी भूमिका निभानी चाहिए थी जिससे युद्ध की स्थिति ही पैदा न होती। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव के समय भी भाजपा मुनाफाखोरी करने की कोशिश कर रही है। अखिलेश यादव लखनऊ के हजरतगंज स्थित मोती महल लॉन में आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल हुए, जहां बड़ी संख्या में पार्टी नेता, धर्मगुरु और समाजसेवी मौजूद रहे।


गैस संकट की अफवाह फैलाने का लगाया आरोप

इफ्तार कार्यक्रम में बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि गैस की किल्लत को लेकर अफवाहें खुद सरकार और मुख्यमंत्री फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही और लोगों को लाइन में लगना पड़ रहा है। सरकार को लोगों को भरोसा दिलाना चाहिए कि कोई संकट नहीं है, लेकिन सरकार इसके उलट काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसी स्थिति पैदा कर देता कि युद्ध ही न हो, तब ही हमारी विदेश नीति को विश्वगुरु के रूप में माना जाता।


कानून व्यवस्था और विकास को लेकर भी उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और विकास को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्वजातीय लोग खुद को कानून व्यवस्था का मालिक समझने लगे हैं। बदायूं की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों की जान गई, उन्होंने पहले भी पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अक्सर खबर मिलती है कि बड़ी मात्रा में गांजा पकड़ा जा रहा है, लेकिन सरकार का ध्यान किसानों और आलू उत्पादन जैसे मुद्दों पर नहीं है। इस दौरान उन्होंने कहा कि कन्नौज, फर्रुखाबाद और आगरा का आलू देश में सबसे अच्छा होता है और उत्पादन के मामले में उत्तर प्रदेश काफी आगे है।


इफ्तार पार्टी में हुआ जोरदार स्वागत

यह इफ्तार पार्टी पूर्व राज्यमंत्री सलाहुद्दीन सिद्दीकी की ओर से आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने भी रोजा खोला। इफ्तार से पहले अखिलेश यादव ने खजूर खाया और सभी को रमजान की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें पूर्व सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की तस्वीर भेंट की। इफ्तार पार्टी में पहुंचने पर उनका बुके और शॉल देकर स्वागत किया गया। इस दौरान समर्थकों में उनसे मिलने और हाथ मिलाने की उत्सुकता भी देखी गई।


यह भी पढ़ें- 'योगी जी को बुलडोजर बाबा के नाम से जानते हैं लोग, बाबा ने माफियाओं को ठीक कर दिया', लखनऊ में बोले राजनाथ सिंह

advertisement image