Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Mar 2026, 03:45 pm
लखनऊ में शुक्रवार को ग्रीन कॉरिडोर फेज-2 का लोकार्पण किया गया। समता मूलक चौराहे पर रक्षा मंत्री Rajnath Singh और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फीता काटकर इस परियोजना को जनता को समर्पित किया। इस दौरान कॉरिडोर के तीसरे और चौथे फेज का शिलान्यास भी किया गया। झूलेलाल पार्क में आयोजित जनसभा में रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस महीने के अंत या अप्रैल की शुरुआत तक लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे शुरू होने की संभावना है। इसके शुरू होने के बाद लखनऊ और कानपुर के बीच की दूरी लगभग 35 से 40 मिनट में तय की जा सकेगी।
ग्रीन कॉरिडोर से यातायात होगा और सुगम
जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ग्रीन कॉरिडोर बनने से शहर में यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि लखनऊ के विकास में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि ग्रीन कॉरिडोर के शुरू होने से डालीगंज से आईआईएम रोड तक की दूरी मात्र 15 मिनट में तय की जा सकेगी। गोमती नदी के दोनों किनारों पर बनने वाला यह ग्रीन कॉरिडोर कुल 28 किलोमीटर लंबा है, जिसे चार चरणों में विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में चौड़ी सड़कें, छह लेन, हरियाली और आधुनिक डिजाइन के साथ सुगम यातायात की व्यवस्था की गई है। फेज-2 के शुरू होने से करीब 10 लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
लखनऊ में डिफेंस और टेक्नोलॉजी सेक्टर को भी बढ़ावा
रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ अब डिफेंस सेक्टर में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि ब्रह्मोस और एयरोस्पेस से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट लखनऊ में शुरू किए जाएंगे। इससे न सिर्फ देश की सुरक्षा मजबूत होगी बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि लखनऊ को भविष्य में एआई सिटी के रूप में भी विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शहर में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। साथ ही स्वच्छता अभियान के तहत घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है, जिससे शहर को स्वच्छ बनाने में मदद मिल रही है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण, रिकॉर्ड समय में काम पूरा करने वाले श्रमिकों को किया सम्मानित, लाखों लोगों को मिलेगा फायदा