Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 09 Nov 2025, 11:01 am
सहारनपुर से 7 नवंबर को गिरफ्तार किए गए डॉक्टर अदील अहमद के लॉकर से एक असॉल्ट राइफल बरामद की गई है। उसने यह हथियार जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग स्थित जीएमसी अस्पताल में छिपा रखे थे। जांच में खुलासा हुआ है कि अदील आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहा था। वह अस्पताल परिसर का इस्तेमाल आतंकियों की मदद और हथियार छिपाने के ठिकाने के रूप में करता था। पुलिस ने यह बरामदगी आरोपी से हुई पूछताछ के आधार पर की है। वर्तमान में जम्मू में उससे गहन पूछताछ की जा रही है और उसके आतंकी संपर्कों की जांच जारी है। अब तक इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कुछ और सहयोगियों के फरार होने की आशंका जताई जा रही है।
डॉ. अदील अहमद राठर जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग का निवासी है और सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल ‘फेमस हॉस्पिटल’ में मेडिसिन विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत था। वह तब जांच एजेंसियों के रडार पर आया जब श्रीनगर के कई इलाकों में जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाए गए। पोस्टरों में आतंकी संगठन के पक्ष में संदेश लिखे थे, जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया था। पुलिस ने 28 अक्टूबर को इस मामले में केस दर्ज किया और CCTV फुटेज खंगाले, जिनमें डॉ. अदील को पोस्टर लगाते हुए देखा गया। श्रीनगर पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की और अनंतनाग में उसके परिवार से पूछताछ की। लोकेशन सहारनपुर में मिलने पर टीम ने स्थानीय पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की मदद से अंबाला रोड स्थित अस्पताल के पास से उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार करने के बाद उसे थाना सदर बाजार लाया गया, जहां से अदालत ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर श्रीनगर पुलिस को सौंप दिया।
एक हफ्ते पहले सहारनपुर की एक महिला डॉक्टर से किया था निकाह
डॉ. अदील ने हाल ही में, 4 अक्टूबर को सहारनपुर की एक महिला डॉक्टर से निकाह किया था। उसके खिलाफ पहले से कोई मामला दर्ज नहीं था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह इससे पहले दिल्ली रोड और अंबाला रोड स्थित अन्य निजी अस्पतालों में भी काम कर चुका है। ‘फेमस हॉस्पिटल’ के एडमिन असलम जैदी ने बताया कि अदील करीब छह महीने पहले यहां जॉइन किया था और उसका व्यवहार सामान्य था। उसने दो दिन पहले ही छुट्टी ली थी, उसी दौरान उसकी गिरफ्तारी हुई। अस्पताल प्रशासन ने यह भी बताया कि पुलिस टीम अस्पताल के भीतर नहीं आई थी, बल्कि बाहर से ही उसे हिरासत में लिया गया।
यह भी पढ़ें- सहारनपुर से MBBS डॉक्टर गिरफ्कार, कश्मीर पुलिस ने पकड़ा, बड़े कांड का आरोप, मामला जान आपके उड़ जाएंगे होश!