BREAKING: 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा, इलेक्शन कमीशन ने जारी की चुनावी तिथियां, जानें कब कहां होगी वोटिंग और काउंटिंग

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 15 Mar 2026, 05:25 pm
news-banner

चुनाव आयोग ने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मतदान 9 अप्रैल से शुरू होगा और 29 अप्रैल तक चलेगा। पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

चुनाव आयोग ने रविवार को असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। आयोग के अनुसार पांचों राज्यों में अलग-अलग चरणों में मतदान कराया जाएगा। केरल, असम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा। सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही इन राज्यों में आचार संहिता लागू हो गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इन पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में कुल 17.4 करोड़ मतदाता हैं और 824 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। पिछली बार 2021 में इन राज्यों के चुनाव का ऐलान 26 फरवरी को किया गया था।


मतदाता सूची में कई राज्यों में नाम हटे

चुनाव आयोग ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के बाद कई राज्यों में बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं। आयोग के मुताबिक तमिलनाडु में सबसे ज्यादा मतदाताओं के नाम हटे हैं। 27 अक्टूबर 2025 को प्रक्रिया शुरू होने के समय राज्य में 6,41,14,587 मतदाता थे, जिनमें से करीब 74,07,207 नाम हटाए गए। इसके बाद अब राज्य में कुल 5,67,07,380 मतदाता पंजीकृत हैं। पश्चिम बंगाल में करीब 58 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं। वहीं केरल में लगभग 8 लाख, असम में करीब 2 लाख और पुडुचेरी में करीब 77 हजार मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। असम में इसके लिए विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया कराई गई थी।


राज्यों में अलग-अलग राजनीतिक मुकाबला

पश्चिम बंगाल में पिछले 14 साल से ममता बनर्जी मुख्यमंत्री हैं और इस बार भी उनकी पार्टी के सामने भाजपा बड़ी चुनौती मानी जा रही है। अगर टीएमसी जीतती है तो ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बन सकती हैं। तमिलनाडु में 1967 के बाद से राजनीति मुख्य रूप से दो क्षेत्रीय दलों के बीच रही है और फिलहाल एमके स्टालिन के नेतृत्व में डीएमके की सरकार है। केरल देश का एकमात्र राज्य है जहां वाम मोर्चा सत्ता में है और यहां परंपरागत रूप से सत्ता बदलती रही है। असम में पिछले दस साल से भाजपा की सरकार है और पार्टी तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है। वहीं पुडुचेरी में फिलहाल एआईएनआरसी और भाजपा गठबंधन की सरकार है।


चुनाव में पारदर्शिता के लिए नई व्यवस्था

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी। इस बार सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी। इसके अलावा मतदान केंद्र के बाहर मोबाइल फोन रखने की व्यवस्था भी की जाएगी, जिसे वोट डालने के बाद वापस लिया जा सकेगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि आचार संहिता लागू होने के बाद कोई भी राज्य सरकार नई योजनाओं या घोषणाओं का ऐलान नहीं कर सकेगी। चुनाव आयोग ने चेतावनी दी कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की राजनीतिक हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी की रैली से पहले बवाल, बीजेपी-टीएमसी कार्यकर्ताओं में जमकर हुई झड़प, प्रधानमंत्री बोले- जंगलराज का काउंटडाउन शुरू

advertisement image