Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 15 Apr 2026, 04:53 pm
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं सेशन-1 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल करीब 25 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनका इंतजार अब खत्म हो गया है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट और उमंग एप के जरिए अपना रिजल्ट आसानी से चेक कर सकते हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अपने रोल नंबर की मदद से ऑनलाइन मार्कशीट डाउनलोड भी कर सकते हैं।
ऑनलाइन ऐसे चेक करें रिजल्ट और डाउनलोड करें मार्कशीट
छात्र results.cbse.nic.in, cbse.gov.in, results.nic.in, results.digilocker.gov.in और उमंग एप के जरिए अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने रोल नंबर की जरूरत होगी। उमंग एप पर रिजल्ट देखने के लिए पहले ऐप डाउनलोड करें, फिर रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। इसके बाद CBSE 10वीं रिजल्ट 2026 के लिंक पर क्लिक कर रोल नंबर डालें। इसके बाद स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है।
पास होने के लिए 33% अंक अनिवार्य, मेरिट लिस्ट नहीं होगी जारी
CBSE के नियमों के अनुसार, छात्रों को पास होने के लिए थ्योरी और इंटरनल असेसमेंट दोनों में कम से कम 33% अंक लाना जरूरी है। इस साल परीक्षा देशभर के 8 हजार से ज्यादा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। बोर्ड ने साफ किया है कि इस बार भी कोई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की जाएगी और न ही किसी छात्र को टॉपर घोषित किया जाएगा। स्कूलों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने स्तर पर टॉपर घोषित न करें।
सेशन-2 में मिलेगा सुधार का मौका, टू-बोर्ड सिस्टम लागू
इस साल CBSE ने टू-बोर्ड सिस्टम लागू किया है। सेशन-1 की परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक हुई थी, जबकि सेशन-2 की परीक्षा 15 मई से 1 जून 2026 तक होगी। जो छात्र अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं, वे अधिकतम 3 विषयों में दोबारा परीक्षा दे सकते हैं। वहीं, 2 विषयों में फेल छात्रों को कंपार्टमेंट का मौका मिलेगा, जबकि 3 या उससे अधिक विषयों में असफल छात्रों को 2027 की मुख्य परीक्षा देनी होगी।