काशी पहुँचे सीएम योगी, कहा- सनातन को मिटाने वाले खुद मिट्टी में मिल गए

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 11 May 2026, 02:16 pm
news-banner

वाराणसी में सोमनाथ संकल्प महोत्सव के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन संस्कृति को मिटाने वाले आज खुद मिट चुके हैं। काशी विश्वनाथ परिसर में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ।

काशी में सोमवार को आयोजित सोमनाथ संकल्प महोत्सव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनातन संस्कृति और भारत की आध्यात्मिक विरासत को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने सनातन को मिटाने का प्रयास किया, आज उनका नाम लेने वाला भी कोई नहीं है। सीएम ने कहा कि मुहम्मद गौरी और औरंगजेब जैसे आक्रांताओं ने मंदिरों और संस्कृति को नष्ट करने की कोशिश की, लेकिन सनातन परंपरा को कभी पराजित नहीं किया जा सका। कार्यक्रम से पहले सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में ‘ॐ’ का जाप हुआ और डमरू व शंखनाद के बीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान दोनों नेताओं ने गुजरात के सोमनाथ मंदिर में चल रहे जलाभिषेक कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा।


सनातन संस्कृति पर हमले का किया जिक्र

सीएम योगी ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत की सांस्कृतिक पहचान को मिटाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि औरंगजेब ने काशी विश्वनाथ मंदिर को ध्वस्त कर गुलामी का प्रतीक खड़ा किया था, जबकि महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर पर कई बार हमला किया। इसके बावजूद भारत की आत्मा और सनातन संस्कृति को खत्म नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि भारत की आध्यात्मिक चेतना अजर और अमर है। मंदिर केवल पत्थरों की इमारत नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था के प्रतीक हैं। सीएम ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम और सोमनाथ मंदिर आज फिर से भारत के गौरव और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बन चुके हैं।


पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत को फिर से सम्मान दिला रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक भारत की परंपराओं और सनातन मूल्यों को वह महत्व नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। लेकिन अब देश अपनी जड़ों और संस्कृति को नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ा रहा है। कार्यक्रम में गुजरात से पहुंचीं महिलाओं ने ‘वोट फॉर भाईसाहब’ के नारे लगाए। वहीं छात्राओं ने शंखनाद और छात्रों ने डमरू वादन कर अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।


काशी में रहा ट्रैफिक डायवर्जन

सीएम और राज्यपाल के कार्यक्रम को देखते हुए वाराणसी में करीब पांच घंटे का विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकी गई और वैकल्पिक रास्तों से ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया।


यह भी पढ़ें- सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 साल पूरे, दो किलोमीटर रोड शो कर पहुंचे पीएम मोदी, शिखर पर चढ़ाया 11 तीर्थों का जल

advertisement image