Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 23 Feb 2026, 12:58 pm
राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के चार युवकों की जान चली गई। हादसा चेचट थाना क्षेत्र में करीब 3:45 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार ब्रेजा कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवक बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ।
उज्जैन से दर्शन कर लौट रहे थे युवक
मृतकों की पहचान श्रेष्ठ बाजपेयी (21), प्रांजुल चतुर्वेदी (26), अंकुश दुबे (25) निवासी रूरा, जिला कानपुर देहात और अंश प्रताप सिंह (20) निवासी धौलपुरवा, गोंडा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, चारों युवक शनिवार को उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए गए थे और रविवार सुबह वहां से कानपुर लौट रहे थे। एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी फुटेज में कार तेज रफ्तार और लहराती हुई दिखाई दे रही है। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि आशंका है ड्राइवर को झपकी आने से कार ट्रक में जा घुसी। हादसे के बाद ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
परिवारों में पसरा मातम, कई जिम्मेदारियां थीं कंधों पर
हादसे की खबर मिलते ही कानपुर देहात और गोंडा में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रांजुल चतुर्वेदी तीन बहनों में इकलौते भाई थे। उनकी शादी दो साल पहले हुई थी और दो महीने पहले ही उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। वे लखनऊ में बिजली विभाग में संविदा पर काम करते थे। श्रेष्ठ बाजपेयी एक निजी स्कूल संचालक के बेटे थे और पढ़ाई कर रहे थे। अंकुश दुबे के पिता एक राजनीतिक नेता के ड्राइवर बताए जा रहे हैं। चारों शवों को रामगंजमंडी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखा गया है। परिजन कानपुर से कोटा के लिए रवाना हो चुके हैं। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और थकान में ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है।
यह भी पढें- फतेहपुर में दो बाइकों की भीषण टक्कर, चार की मौत से मचा मातम, शादी में जाते समय हादसा, सीएम योगी ने जताया दुख