Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 21 Feb 2026, 01:42 pm
प्रयागराज में उस समय हड़कंप मच गया जब कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राएं शैक्षिक भ्रमण के दौरान मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गईं। छात्राएं शिक्षकों के साथ एक दिवसीय भ्रमण पर चंद्रशेखर आजाद पार्क पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि पार्क में खेल गतिविधियों के दौरान अचानक पास में लगे मधुमक्खियों के छत्ते से झुंड निकल पड़ा और छात्राओं पर हमला कर दिया। इस घटना में करीब तीन दर्जन छात्राएं घायल हो गईं। अचानक हुए हमले से पार्क में अफरा-तफरी मच गई और बच्चियां दर्द से चीखने लगीं। मौके पर मौजूद शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
छत्ते पर पत्थर फेंकने से भड़कीं मधुमक्खियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी व्यक्ति द्वारा मधुमक्खियों के छत्ते पर पत्थर फेंक दिया गया था, जिसके बाद मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं। देखते ही देखते उन्होंने आसपास मौजूद छात्राओं पर हमला कर दिया। कुछ बच्चियां भागते समय गिर भी पड़ीं। शिक्षकों ने तुरंत स्थिति संभाली और प्रशासन को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से घायल छात्राओं को तुरंत अस्पताल भेजा गया।
स्वरूप रानी अस्पताल में इलाज, सभी खतरे से बाहर
घायल छात्राओं को इलाज के लिए स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति स्थिर बताई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, किसी भी छात्रा की हालत गंभीर नहीं है और सभी को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। घटना के बाद पार्क प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं कि संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं थे। गौरतलब है कि इससे पहले कानपुर के उन्नाव में भी एक क्रिकेट अंपायर पर मधुमक्खियों के हमले की घटना सामने आ चुकी है। फिलहाल प्रयागराज की इस घटना ने स्कूल भ्रमण के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा छेड़ दी है।
यह भी पढ़ें- गोंडा में दुकान की दीवार काट अंदर घुसे चोर, पार कर दी लाखों की नकदी, घटना से इलाके के व्यापारियों में दहशत