मंच पर भावुक हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, इस बात पर टपक पड़े आंसू, कहा- हमने वो दिन देखे हैं!

Curated By: | Hindi Now Uttar Pradesh • 23 Jan 2026, 02:30 pm
news-banner

मेरठ में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के दौरान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भावुक हो गए। उन्होंने गरीबी में बीते अपने बचपन और संघर्षों को साझा किया। मंच पर रो पड़े डिप्टी सीएम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

उत्तर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री बृजेश पाठक गुरुवार को मेरठ दौरे के दौरान उस समय भावुक हो गए, जब वह एक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में जनता को संबोधित कर रहे थे। मंच से बोलते हुए उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों को साझा किया और गरीबों के दर्द को गहराई से समझने की बात कही। भाषण के दौरान उनकी आंखें भर आईं और वे कुछ पल के लिए मंच पर रो पड़े। इस भावुक क्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।


गरीबी में बीता बचपन, संघर्षों को किया याद
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने अपना बचपन बेहद अभावों में बिताया है। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान उनके पास पूरे संसाधन नहीं हुआ करते थे। कभी जूते होते थे तो कपड़े नहीं और कभी कपड़े होते थे तो जूते नहीं। उन्होंने मंच से भावुक होते हुए कहा कि जब वह पढ़ने के लिए बाहर गए, तो मां ने उन्हें स्टोव तो दे दिया, लेकिन तवा देना भूल गईं। ऐसे में वह सीधे स्टोव पर ही रोटी सेंककर गुजारा करते थे। बृजेश पाठक ने कहा कि इन्हीं हालातों ने उन्हें गरीबों के दर्द से जोड़ दिया और आज भी वह खुद को आम लोगों से अलग नहीं मानते।


‘खुद को डिप्टी सीएम पद के योग्य नहीं समझता’
भावुक होते हुए डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि वह आज जिस पद पर हैं, खुद को उसके योग्य नहीं समझते। उन्होंने कहा कि सत्ता और पद से ज्यादा उनके लिए लोगों का भरोसा मायने रखता है। उन्होंने कहा कि गरीबों का दर्द समझने के लिए किसी किताब की जरूरत नहीं होती, बल्कि जीवन के अनुभव ही सबसे बड़े शिक्षक होते हैं। इस दौरान सभागार में मौजूद लोग भी काफी भावुक नजर आए और तालियों के साथ

उनका समर्थन किया।


नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती कार्यक्रमों में भी हुए शामिल
मेरठ दौरे के दौरान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने नेताजी सुभाष जन्म दिवस समारोह समिति और पंवार वाणी फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘पराक्रम दिवस’ पर आधारित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। इसके अलावा पीएल शर्मा स्मारक भवन में आज़ाद हिंद संघ, मेरठ द्वारा आयोजित नेताजी सुभाष चंद्र बोस को समर्पित फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नेताजी का जीवन साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की मिसाल है, जो आज भी युवाओं को प्रेरणा देता है।


यह भी पढ़ें- शंकराचार्य विवाद को लेकर बीजेपी के लिए अखिलेश ने बोल दी ऐसी बात, भाजपाइयों को लगेगी मिर्ची, जान लें पूरा बयान

advertisement image