फिल्म ताजमहल के को-प्रोड्यूसर गिरफ्तार, इस गंभीर मामले में हुई कार्रवाई, जानकर शॉक्ड हो जाएंगे आप!

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Dec 2025, 04:16 pm
news-banner

ताजमहल फिल्म के को-प्रोड्यूसर इरशाद आलम को प्रयागराज से कानपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आइए पूरा मामला जानते हैं।

कानपुर में एक कारोबारी से करोड़ों की ठगी के मामले में फिल्म ताजमहल के को-प्रोड्यूसर इरशाद आलम के खिलाफ पुलिस सख्त एक्शन लिया है। कानपुर पुलिस ने बुधवार तड़के प्रयागराज से आरोपी को-प्रोड्यूसर को गिरफ्तार कर लिया है। चार दिन पहले उन्होंने बेकनगंज निवासी कारोबारी मोहम्मद शोएब से जमीन दिलाने के नाम पर 3.30 करोड़ रुपये की ठगी की थी। पीड़ित की शिकायत पर इरशाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोप यह भी था कि रुपये वापस मांगने पर उन्होंने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और 60 लाख रुपये रंगदारी मांगी। मामले की शिकायत ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर अपराध और मुख्यालय विनोद कुमार सिंह से की गई, जिसके बाद 29 नवंबर को बेकनगंज पुलिस ने दो नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


प्रयागराज से गिरफ्तार कर कानपुर लेकर पहुंची पुलिस

बुधवार दोपहर पुलिस इरशाद आलम और उनके साथी अनवर शेख उर्फ रेहान को प्रयागराज से लेकर कानपुर पहुंची और थाने में पूछताछ की। अनवर शेख लखनऊ का रहने वाला है और मामले में वह भी आरोपी है। कारोबारी शोएब सिविल लाइंस में रहते हैं और पोल्ट्री व्यापार करते हैं। जांच में सामने आया है कि शोएब को गोदाम के लिए जमीन चाहिए थी। उनके परिचितों रिक्की और रफी ने उनकी मुलाकात इरशाद से कराई थी। इरशाद जाजमऊ गज्जूपुरवा का निवासी है और 2005 में रिलीज ताजमहल फिल्म का को-प्रोड्यूसर रह चुका है। उसने पीड़ित को 1.65 करोड़ की जमीन दिखाते हुए सौदा तय किया था।


तीन करोड़ से अधिक दिए रुपये, लेकिन नहीं किया बैनामा

शोएब के मुताबिक नोटरी के बाद उन्होंने 1.65 करोड़ रुपये दे दिए, लेकिन लंबे समय तक बैनामा नहीं हुआ। जब उन्होंने दबाव बनाया तो इरशाद ने रकम दोगुनी कर दी। फंसे हुए पैसे बचाने के लिए शोएब ने दोबारा 1.65 करोड़ रुपये दे दिए, लेकिन कुल 3.30 करोड़ रुपये देने के बाद भी बैनामा नहीं हुआ। बाद में पता चला कि जमीन पहले से सरकारी अधिग्रहण में थी। रुपये मांगने पर 13 सितंबर को इरशाद और उसके साथी दुकान पर आए और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए 60 लाख की रंगदारी मांग बैठे।


उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद हुई आरोपी की गिरफ्तारी

शिकायत के बाद पुलिस सक्रिय हुई और इरशाद की गिरफ्तारी की। अधिकारियों के अनुसार, इरशाद आलम के खिलाफ ईडी, सीबीआई समेत जाजमऊ, चकेरी, बाबूपुरवा और बेकनगंज थानों में 10 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं, जिनकी जांच जारी है।


यह भी पढ़ें- '2017 से पहले एक तो पेंशन 300 रुपये महीना, दूसरा बाबू मांगता था पैसे' लखनऊ में बोले- योगी

advertisement image