Curated By:
|
Hindi Now Uttar Pradesh • 15 Jan 2026, 10:19 am
गोरखपुर: मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में आस्था और परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार तड़के नाथ परंपरा के अनुसार गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित की। सुबह करीब 3:40 बजे सीएम योगी मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गुरु गोरखनाथ को नमन करते हुए गले में लटकी सीटी बजाई और दंडवत होकर प्रणाम किया। इसके बाद उन्होंने गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित की, साथ ही नेपाल के राज परिवार की ओर से लाई गई खिचड़ी भी चढ़ाई गई। पूजा संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और वहां मौजूद श्रद्धालुओं को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही आम श्रद्धालुओं के खिचड़ी चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहने की संभावना है।
लाखों श्रद्धालुओं ने चढ़ाई आस्था की खिचड़ी
मकर संक्रांति के अवसर पर यूपी, बिहार और नेपाल से लाखों श्रद्धालु गोरखनाथ मंदिर पहुंचे हैं। पूरा मंदिर परिसर ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयकारों से भक्तिमय हो उठा। सुबह 8 बजे तक करीब तीन लाख श्रद्धालु खिचड़ी चढ़ा चुके थे। मंदिर के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। भीड़ अधिक होने के कारण कई श्रद्धालुओं को गर्भगृह के बाहर से ही खिचड़ी अर्पित करनी पड़ी। एक साथ सैकड़ों लोगों की ओर से चावल, दाल, तिल आदि से बनी खिचड़ी अर्पित किए जाने से मंदिर परिसर में मानो अन्न की वर्षा होती दिखाई दी। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।
नेपाल से आई आस्था, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
खिचड़ी चढ़ाने के लिए नेपाल से भी हजारों श्रद्धालु गोरखपुर पहुंचे हैं। नेपाल से आए श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा गोरखनाथ उनके आराध्य हैं और खिचड़ी चढ़ाने की यह परंपरा उनके देश में वर्षों पुरानी है। इसी कारण हर साल बड़ी संख्या में लोग गोरखनाथ मंदिर पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर और आसपास भारी संख्या में पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्वक दर्शन कर सकें। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि विशिष्ट पूजा के बाद उन्हें भगवान गोरखनाथ को आस्था की पवित्र खिचड़ी चढ़ाने का अवसर मिला। उन्होंने प्रयागराज माघ मेले का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी लाखों श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं, जो सनातन संस्कृति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत करता है।
यह भी पढ़ें- माघ मेले में संक्राति पर उमड़ा श्रद्दालुओं का सैलाब, अब तक 21 लाख लोगों ने लगाई डुबकी