Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 09 May 2026, 05:36 pm
हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के देहरा गांव में महाराणा प्रताप जयंती पर निकाली जा रही बाइक रैली के दौरान अचानक विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हंगामे और पथराव में बदल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में 2 से 3 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और माहौल शांत बताया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक घटना के बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा कोई तनाव की स्थिति न बने। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुटखा खरीदने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर सिरोधन गांव से देहरा गांव तक बाइक रैली निकाली जा रही थी। रैली में बड़ी संख्या में युवक बाइक और चार पहिया वाहनों के साथ शामिल थे। जब रैली देहरा गांव पहुंची, तब वहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक दुकान पर गुटखा खरीदने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कुछ ही देर में पथराव शुरू हो गया। घटना के दौरान लोगों में भगदड़ मच गई और कई वाहन क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है। कुछ लोगों के साथ मारपीट भी हुई, जिनका मेडिकल कराया गया है।
भारी पुलिस बल तैनात, दो आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही धौलाना थाना पुलिस के साथ आसपास के थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हालात संभालते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया। हापुड़ के पुलिस अधीक्षक केजी सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। एसपी के अनुसार शुरुआती जांच में गुटखा खरीदने को लेकर विवाद होना सामने आया है। पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात रखा गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
यह भी पढ़ें- यूपी एटीएस की जांच में बड़ा खुलासा, पांच महीने से पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे संदिग्ध आतंकी, खातों में आती थी रकम