T-20 वर्ल्ड कप: दूसरा सेमीफाइनल मैच आज, वानखेड़े में भिड़ेंगी भारत और इंग्लैंड की टीमें, जीतने वाली टीम का न्यूजीलैंड से होगा फाइनल मुकाबला

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 05 Mar 2026, 11:41 am
news-banner

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में आज भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी, जिसने पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया।

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। दोनों टीमें लगातार तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। इससे पहले 2022 और 2024 में भी दोनों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले हुए थे, जिनमें दोनों टीमों को एक-एक जीत मिली थी। दिलचस्प बात यह है कि उन दोनों मौकों पर सेमीफाइनल जीतने वाली टीम ने फाइनल भी अपने नाम किया था। भारतीय टीम छठी बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2007, 2014, 2016, 2022 और 2024 में भी टीम अंतिम चार में जगह बना चुकी है। इन पांच मौकों में भारत ने तीन बार सेमीफाइनल जीतकर फाइनल का टिकट हासिल किया था।


हेड टू हेड रिकॉर्ड और खिलाड़ियों का प्रदर्शन

भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 29 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 17 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि इंग्लैंड को 12 मुकाबलों में सफलता मिली है। टी-20 वर्ल्ड कप की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक पांच मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने तीन और इंग्लैंड ने दो मुकाबले जीते हैं। मौजूदा वर्ल्ड कप में भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने सात मैचों में 231 रन बनाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन रहा है। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए सात मैचों में 12 विकेट झटके हैं। वहीं इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक बल्ले से सबसे प्रभावी खिलाड़ी साबित हुए हैं, जिन्होंने सात मैचों में 228 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में अनुभवी स्पिनर आदिल रशीद ने सात मुकाबलों में 11 विकेट लेकर टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई है।


वानखेड़े की पिच और मौसम का हाल

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है और यहां बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। साफ मौसम के कारण मैच के दौरान ओस भी अहम भूमिका निभा सकती है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। इस मैदान पर अब तक 16 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिनमें आठ बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम और आठ बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 254 रन है, जो वेस्टइंडीज ने इसी वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया था। यहां 32 पारियों में छह बार 200 से ज्यादा रन बने हैं। मुंबई में गुरुवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम साफ रहने का अनुमान है। अगर किसी कारण मैच पूरा नहीं हो पाता है तो आईसीसी ने 6 मार्च को रिजर्व डे रखा है।


यह भी पढ़ें- 17 को लखनऊ आ आ रहे हैं रोहित-कोहली, गिल और पंत, इकाना स्टेडियम में होगा वन डे मैच, भारत और अफगानिस्तान होंगे आमने-सामने

advertisement image