Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 02 Mar 2026, 06:11 pm
इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव का सीधा असर भारत पर दिखाई देने लगा है। बीते दो दिनों में देशभर में 760 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। सोमवार को भी दिल्ली हवाईअड्डे पर 87 उड़ानें निरस्त रहीं। दिल्ली, मुंबई, कोच्चि, बेंगलुरु, चेन्नई, जयपुर और अहमदाबाद के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों पर हजारों यात्री फंसे हुए हैं। अचानक रद्द की गई उड़ानों से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग दूसरे देशों में फंसे हैं, तो कुछ भारत से बाहर जाने की प्रतीक्षा में हैं। विमानन कंपनियां वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुटी हैं, लेकिन हालात सामान्य होने के संकेत फिलहाल नहीं मिल रहे हैं।
ओमान की खाड़ी में हमला, भारतीय नाविक की मौत
तनाव के बीच ओमान की खाड़ी में सोमवार को एक तेल टैंकर पर विस्फोटक से लैस ड्रोन नौका से हमला किया गया। मस्कट तट के पास मार्शल आइलैंड्स ध्वज वाले टैंकर एमकेडी व्योम को निशाना बनाया गया। इस हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने घटना की पुष्टि की है। इसके अलावा ‘एमवी स्काईलाइट’ जहाज हादसे के बाद लापता चालक दल की तलाश जारी है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और बचाए गए सदस्यों की सुरक्षित वापसी के प्रयास कर रहा है। मौजूदा हालात को देखते हुए अबू धाबी स्थित बीएपीएस हिंदू मंदिर को 9 मार्च तक दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया है।
भारत और पड़ोसी क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन, सुरक्षा बढ़ी
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन विरोध प्रदर्शन हुए। श्रीनगर के बेमिना इलाके में सुरक्षाबलों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। शोपियां, बारामूला और बांदीपोरा में बाजार बंद रहे। पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में भी प्रदर्शन हिंसक हो गए, जहां कई सरकारी इमारतों को नुकसान पहुंचाया गया। कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर भी झड़प की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात के बाद कहा कि पश्चिम एशिया के हालात चिंताजनक हैं और भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगा। ईरान में करीब 10 हजार और इजराइल में 40 हजार से अधिक भारतीय नागरिक रह रहे हैं, जबकि खाड़ी और पश्चिम एशिया में लगभग 90 लाख भारतीय हैं। भारतीय दूतावासों ने विभिन्न देशों में परामर्श जारी किए हैं और वहां रह रहे नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- ईरान-इजराइल जंग को लेकर पीएम मोदी ने जताई चिंता, कहा- पश्चिम एशिया के हालात चिंताजनक, अपने नागरिकों को जल्द निकालेगा भारत