बुरे फंसे बसपा विधायक, घर से मिला 11 करोड़ कैश, महंगी घड़ियों समेत करोड़ों के जेवर बरामद, 1 हजार करोड़ टैक्स चोरी का आरोप, दूसरे दिन रेड जारी

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 26 Feb 2026, 04:14 pm
news-banner

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के कई ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। लखनऊ समेत कई जिलों में हुई कार्रवाई में करोड़ों की नकदी मिलने की चर्चा है। मामले ने राजनीतिक माहौल भी गरमा दिया है।

बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। सोनभद्र, कौशांबी और बलिया समेत कई जिलों में टीमें जांच में जुटी हैं, जबकि लखनऊ स्थित आवास पर सर्च ऑपरेशन पूरा हो चुका है। सूत्रों के अनुसार, लखनऊ से करीब साढ़े 11 करोड़ रुपए नकद, महंगी घड़ियां, सोना-चांदी और कीमती जेवर मिलने की चर्चा है, हालांकि विभाग ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि करीब 1000 करोड़ रुपए की कथित टैक्स चोरी से जुड़े दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। बुधवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई गुरुवार सुबह तक चली और घर के भीतर-बाहर आवाजाही पर रोक रही।


15 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

बुधवार को आयकर विभाग ने एक साथ 15 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। सोनभद्र में ‘छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन’ के कार्यालय में करीब 24 अधिकारियों की टीम मौजूद रही। गेट अंदर से बंद कर जांच की गई और कर्मचारियों को भी भीतर ही रखा गया। देर रात तक दस्तावेजों की पड़ताल चलती रही। सूत्रों के मुताबिक, कुछ अधिकारी बिना शक पैदा किए पहुंचने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाकर मौके पर पहुंचे। विभाग कथित तौर पर फाइलें, हार्ड डिस्क, लैपटॉप और बैंक लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहा है। हालांकि अब तक विभाग की ओर से जब्ती या बरामदगी को लेकर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


बीमारी के बीच कार्रवाई, राजनीतिक बयानबाजी तेज

उमाशंकर सिंह गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और हाल ही में विदेश से इलाज कर लौटे हैं। इसी बीच हुई छापेमारी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने इसे अमानवीय करार देते हुए कहा कि गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए थी। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कार्रवाई को राजनीतिक बताया। दूसरी ओर, योगी सरकार में मंत्री और विधायक के समधी दिनेश सिंह ने परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही है।


संपत्ति, कारोबार और पुराना विवाद

2022 के शपथ पत्र के अनुसार उमाशंकर सिंह की कुल संपत्ति 54.05 करोड़ रुपए है, जिसमें 18.05 करोड़ की चल और 35.99 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है। उन पर लगभग 13 करोड़ रुपए का कर्ज भी दर्ज है। वे ‘छात्र शक्ति कंस्ट्रक्शन्स’ के जरिए सड़क निर्माण और खनन कारोबार से जुड़े रहे हैं। पिछले वर्षों में आय से अधिक संपत्ति और खनन पट्टे को लेकर भी उनका नाम चर्चा में आया था। 2012 से लगातार तीन बार रसड़ा सीट से जीत दर्ज कर वे बसपा के मजबूत चेहरों में गिने जाते हैं। फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है और आधिकारिक विवरण का इंतजार किया जा रहा है।


यह भी पढ़ें- भोजपुरी पावर स्टार पर भड़कीं अक्षरा सिंह, कहा-10 जगह मुंह मारते हैं पवन सिंह, क्या जिंदगी भर मेरे साथ चिपके रहेंगे

advertisement image