Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 26 Feb 2026, 12:32 pm
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के वकील को देर रात जान से मारने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। वकील श्रीनाथ त्रिपाठी के मोबाइल पर बुधवार रात करीब ढाई बजे एक धमकी भरा संदेश आया, जिसमें वाराणसी की कचहरी को बम से उड़ाने और उन्हें भी नुकसान पहुंचाने की बात लिखी थी। त्रिपाठी वही अधिवक्ता हैं जो शंकराचार्य पर दर्ज बच्चों से जुड़े यौन शोषण मामले में पैरवी कर रहे हैं। धमकी मिलने के बाद उन्होंने मैसेज का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा कर प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मैसेज भेजने वाले नंबर की जांच शुरू कर दी गई है।
14 दिनों में चौथी धमकी, जांच एजेंसियां अलर्ट
जानकारी के मुताबिक, बीते 14 दिनों में वाराणसी कचहरी को उड़ाने की यह चौथी धमकी है। ऐसे में स्थानीय पुलिस के साथ खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। श्रीनाथ त्रिपाठी वाराणसी में प्रैक्टिस करने वाले क्रिमिनल लॉयर हैं और बार काउंसिल ऑफ इंडिया से भी जुड़े हुए हैं। उधर, प्रयागराज पुलिस बीते चार दिनों से वाराणसी में मौजूद है। माना जा रहा है कि पुलिस शंकराचार्य से पूछताछ कर सकती है, हालांकि अभी तक आश्रम नहीं पहुंची है। मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण पुलिस पूरी तैयारी के साथ ही आगे बढ़ना चाहती है।
यौन शोषण के आरोपों पर आमने-सामने बयानबाजी
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर बच्चों के यौन शोषण के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी का दावा है कि मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और वाराणसी के मठ-आश्रमों में बटुकों के साथ गलत काम हुआ। उन्होंने कहा है कि उनके पास सबूत मौजूद हैं। वहीं, शंकराचार्य ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि जिन बच्चों का नाम लिया जा रहा है, वे उनके पास आए ही नहीं, ऐसे में आरोप निराधार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि झूठा मुकदमा दर्ज कराने वालों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 22 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कोर्ट और जांच की प्रक्रिया जारी
स्पेशल पॉक्सो कोर्ट के आदेश पर झूंसी थाने में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। मामले में शंकराचार्य, उनके शिष्य और कुछ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। 21 फरवरी को बच्चों के बयान दर्ज हुए थे। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। धमकी और मुख्य मामले को जोड़कर भी देखा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा और जांच दोनों मोर्चों पर गंभीरता से काम किया जा रहा है।
यह भी पढ़े- बच्चों के यौन शोषण मामले में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को गिरफ्तारी का डर, हाईकोर्ट में दायर की याचिका, कहा- मेरे खिलाफ साजिश