Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 30 Apr 2026, 07:27 pm
बुलंदशहर के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। यह कार्रवाई स्वाट टीम, थाना खुर्जा नगर और थाना अनूपशहर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्कूटी सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे नहीं रुके और पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मुठभेड़ में पुलिसकर्मी भी घायल, जैकेट में लगी गोली
इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम को भी नुकसान झेलना पड़ा। स्वाट टीम प्रभारी और थाना अनूपशहर की टीम में शामिल एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि खुर्जा नगर के प्रभारी निरीक्षक और स्वाट टीम के एक अन्य पुलिसकर्मी की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी। गनीमत रही कि जैकेट के कारण उनकी जान बच गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाशों ने खुद को घिरता देख जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा के तहत कार्रवाई की गई। मौके से पुलिस ने अवैध पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की है।
पहले भी दर्ज थे गंभीर मामले, हालिया हत्या कांड से जुड़ा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक मारा गया बदमाश जीतू सैनी है, जो खुर्जा नगर क्षेत्र का रहने वाला था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह हाल ही में 25-26 अप्रैल की रात सुभाष रोड पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल था, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई थी। इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है और कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में कई जगह हिंसा, टीएमसी कार्यकर्ताओं ने सुवेंदु को घेरा, बीजेपी उम्मीदवार की कार तोड़ी, खबर में जानें दिनभर के अपडेट