Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 12 Mar 2026, 02:12 pm
देश में सिलेंडर संकट को लेकर गुरुवार को संसद में जोरदार हंगामा देखने को मिला। लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने सिलेंडर संकट के मुद्दे पर नारेबाजी शुरू कर दी। शोर-शराबे के कारण स्पीकर ओम बिरला को सदन की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक और बाद में दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। इस दौरान संसद परिसर में भी विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन किया। राहुल गांधी समेत कई सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और सिलेंडर संकट पर चर्चा की मांग की। विपक्ष का कहना है कि देश में गैस की आपूर्ति और कीमतों को लेकर स्थिति गंभीर होती जा रही है और सरकार को इस पर तुरंत जवाब देना चाहिए।
संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन
संसद परिसर में राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने सिलेंडर संकट को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसदों ने “नरेंदर भी गायब, सिलेंडर भी गायब” के नारे लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों से कह रहे हैं कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन खुद सरकार की स्थिति साफ नहीं दिख रही है। राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले समय में ईंधन एक बड़ी समस्या बन सकती है, क्योंकि ऊर्जा सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि गलत विदेश नीति के कारण यह स्थिति पैदा हुई है और सरकार को समय रहते तैयारी करनी चाहिए, वरना करोड़ों लोगों को नुकसान हो सकता है।
सत्ता पक्ष ने विपक्ष पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्हें तभी संतोष मिलेगा जब चीन, रूस और अमेरिका भारत पर हमला करें। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग देश के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा कि दुनिया प्रधानमंत्री के नेतृत्व को देख रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर महंगाई बढ़ रही है, लेकिन देश में विकास कार्य जारी हैं। एलपीजी की स्थिति को लेकर सरकार ने भरोसा दिलाया है, लेकिन विपक्ष जनता में घबराहट फैलाने की कोशिश कर रहा है।
ऊर्जा स्थिति पर आज बयान देंगे मंत्री
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी आज लोकसभा में देश की ऊर्जा स्थिति पर बयान देंगे। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और शिपिंग रूट प्रभावित होने के कारण ऊर्जा आपूर्ति पर संभावित असर को लेकर सरकार संसद को जानकारी देगी। उधर राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले का मुद्दा भी उठाया। हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
यह भी पढ़ें- स्वाति अघोरी ने आशुतोष महाराज को दी धमकी, कहा- तुमने हमें मुकुदानंद की गर्लफ्रेंड बोला है, अब आमना-सामना के लिए तैयार हो जाओ