लखनऊ में सपाइयों ने किया हंगामा, पुलिस ने कार्यकर्ता को सड़क पर घसीटा, LPG सिलेंडर को लेकर कर रहे थे प्रदर्शन

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 12 Mar 2026, 03:48 pm
news-banner

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एलपीजी सिलेंडर के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। नारेबाजी और हंगामे के बीच पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के कारण हजरतगंज चौराहे पर कुछ समय तक हलचल का माहौल बना रहा।

लखनऊ में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एलपीजी सिलेंडर को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महंगाई को लेकर नाराजगी जताई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कई कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए और नारेबाजी करने लगे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें जबरन उठाकर गाड़ियों में बैठाया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता पुलिस की गाड़ी की छत पर भी चढ़ गए, जिससे मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।


हजरतगंज चौराहे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल

प्रदर्शन के कारण लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने “नाम नरेंदर, काम सरेंडर” जैसे नारे लगाते हुए सरकार पर निशाना साधा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रसोई गैस के दाम बढ़ने से आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। उनका आरोप है कि महंगाई पर नियंत्रण करने में सरकार पूरी तरह असफल साबित हो रही है।


महंगाई के खिलाफ आवाज उठाने की बात

प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता ने कहा कि सिलेंडर के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्ग के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना था कि आम आदमी के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। कार्यकर्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग जनता की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने सरकार से जल्द सिलेंडर उपलब्ध कराने और महंगाई पर नियंत्रण करने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से किसान, छात्र और गरीब सभी वर्ग परेशान हैं।


यह भी पढ़ें- शंकराचार्य से मिलने पहुंचे अखिलेश, हाथ जोड़कर किया प्रणाम, कल गोरक्षा अभियान का किया था शंखनाद

advertisement image