लखनऊ में बैंक के बाहर हंगामा, ग्राहकों ने ब्रांच में डाला ताला, करोड़ो के घोटाले का आरोप लगाया

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 12 Feb 2026, 02:56 pm
news-banner

लखनऊ में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पर खाताधारकों ने जमा रकम गायब होने पर विरोध प्रदर्शन किया। ग्राहकों का आरोप है कि बैंक मित्र ने FD के नाम पर रकम जमा कराई लेकिन खाते में दर्ज नहीं की, जिससे कई परिवारों की बचत संकट में पड़ गई।

शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय परिसर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में गुरुवार सुबह बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। अपनी जमा पूंजी न मिलने से नाराज 25 से अधिक खाताधारकों ने बैंक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और बाहर से शाखा का शटर बंद कर धरने पर बैठ गए। करीब तीन घंटे से बैंक का कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश कर रही है, लेकिन लोग अपनी रकम वापस मिलने तक बैंक न खुलने देने की बात पर अड़े हुए हैं। ग्राहकों का आरोप है कि बैंक मित्र ने उनकी जमा राशि का गलत इस्तेमाल किया।


FD के नाम पर ग्राहकों से ठगी का आरोप
प्रदर्शन कर रहे ग्राहकों का कहना है कि बैंक शाखा में तैनात बैंक मित्र शिवा राव ने कई लोगों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) कराने का भरोसा देकर रकम जमा करवाई, लेकिन उसे खातों में दर्ज ही नहीं किया गया। जब FD मैच्योर होने का समय आया तो ग्राहक बैंक पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि उनके नाम से कोई FD बनी ही नहीं है। कई खाताधारकों ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खातों से सीधे रकम गायब हो गई है। अचानक जमा रकम गायब मिलने से लोगों में घबराहट और गुस्सा दोनों देखने को मिल रहे हैं। कई लोग अपनी जीवनभर की बचत डूबने की आशंका से परेशान हैं।


कई परिवारों की जीवनभर की बचत पर संकट
पीड़ितों में दोना गांव की कुमकुम ने बताया कि उन्होंने बेटी के भविष्य के लिए 2024 में चार लाख रुपये जमा किए थे, जो अब खाते में नहीं दिख रहे। वहीं सलेमपुर पतोरा की सरोजिनी के खाते से जमीन बिक्री के 33.35 लाख रुपये गायब बताए जा रहे हैं। रामसिंह यादव ने करीब 18.60 लाख रुपये निकलने की शिकायत की है। इसके अलावा कई अन्य ग्राहकों ने दो से चार लाख रुपये तक की रकम गायब होने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि उनकी वर्षों की मेहनत की कमाई खतरे में पड़ गई है और बैंक प्रशासन स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा।


पीड़ित बोले—पैसा नहीं मिला तो जारी रहेगा प्रदर्शन   
नरोना निवासी अंशु ने बताया कि बेटी की शादी के लिए मिली सरकारी सहायता राशि में से भी तीन लाख रुपये खाते से गायब हो गए। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक उनकी पूरी धनराशि वापस नहीं मिलती, बैंक का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस और बैंक अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद लोग अपनी मांग पर डटे हुए हैं। अब बैंक प्रबंधन और पुलिस प्रशासन मामले को शांत कराने और रकम की जांच शुरू करने की बात कह रहे हैं, लेकिन खाताधारकों का भरोसा बुरी तरह टूट चुका है।


यह भी पढ़ें- यूपी की आशिक मिजाज महिला, पहले दामाद के साथ तो अब बहनोई के साथ फरार, पति बोला- मैं बहुत परेशान..

advertisement image