Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 16 May 2026, 12:37 pm
लखनऊ यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह को छात्रा से आपत्तिजनक बातचीत और पेपर लीक करने के आरोप में शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि प्रोफेसर ने बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा को फोन कर परीक्षा का पेपर आउट कराने की बात कही और मिलने के लिए दबाव बनाया। छात्रा ने बातचीत रिकॉर्ड कर ली, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। ऑडियो सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद देर रात आरोपी प्रोफेसर को यूनिवर्सिटी कैंपस से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर लगातार उसे बुलाने और मानसिक दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था।
‘तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया’ कहकर बनाया दबाव
वायरल ऑडियो में आरोपी प्रोफेसर छात्रा से बार-बार मिलने के लिए दबाव बनाते सुनाई दे रहा है। बातचीत में वह छात्रा को ‘डार्लिंग’ कहकर संबोधित करता है और दावा करता है कि उसने उसके लिए कोर और इलेक्टिव दोनों विषयों के पेपर आउट करा दिए हैं। छात्रा लगातार मिलने से इनकार करती रही, लेकिन आरोपी उसे 4 से 10 दिन के भीतर मिलने आने को कहता रहा। ऑडियो में प्रोफेसर छात्रा को आर्थिक मदद, मेडिकल सहायता और आगे एमएससी व पीएचडी तक में मदद दिलाने की बातें भी करता सुनाई दे रहा है। छात्रा ने बातचीत खत्म होने के बाद कहा कि उसे पेपर नहीं चाहिए और वह दोबारा उत्पीड़न का शिकार नहीं होना चाहती। ऑडियो वायरल होने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जांच समिति गठित कर दी है।
FIR दर्ज, यूनिवर्सिटी ने शुरू की जांच
लखनऊ यूनिवर्सिटी प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। हसनगंज थाना पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर सार्वजनिक परीक्षा से जुड़े कानून और बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं जूलॉजी विभाग की हेड प्रो. अमिता कनौजिया ने भी कहा कि वायरल ऑडियो में आवाज आरोपी प्रोफेसर की लग रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले चार वर्षों से लखनऊ यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर तैनात था। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की गई है। मामले को लेकर छात्रों और शिक्षकों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- मां-पिता ने 50 हजार में नाबालिग बेटी का कर दिया सौदा, 28 साल के युवक से जबरन कराई शादी