Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 16 May 2026, 05:40 pm
आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। बिहार से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना कंधरापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 238 के पास दोपहर करीब 3 बजे हुई। हादसे के बाद कुछ देर तक एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने में जुटी हुई है।
हादसे में महिला और दो बच्चियों समेत पांच की मौत
पुलिस के मुताबिक हादसे में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चियों की जान गई है। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे किसी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। मौके से पुलिस को मनीष श्रीवास्तव नाम की एक आईडी मिली है, जिसमें एक पता हरियाणा के फरीदाबाद और दूसरा बिहार के सिवान जिले का दर्ज है। पुलिस टीम दोनों पतों पर संपर्क करने का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि फरीदाबाद वाले पते पर घर बंद मिला है, जबकि बिहार के सिवान जिले में भी सूचना भेजी गई है। हादसे में मौजूद सभी लोगों की मौत हो जाने के कारण घटना की पूरी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है।
पुलिस और राहत टीम ने तुरंत संभाला मोर्चा
एसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि डायल 112 के जरिए सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस टीम, सीओ सिटी, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंची थी। अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है। राहत टीम ने एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कराने के साथ शवों को मोर्चरी भेजा। पुलिस अब मृतकों की शिनाख्त और उनके परिवारों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें- बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव, गैस सिलिंडर से लदे ट्रक में जा घुसी स्कॉर्पियो, एक ही परिवार के चार की मौत