पीएम मोदी पहुंचे बनारस, जनाक्रोश रैली को करेंगे संबोधित, 44 महिलाएं मंच पर रहेंगी मौजूद, दो दिन का दौरा

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Apr 2026, 04:13 pm
news-banner

पीएम नरेंद्र मोदी काशी दौरे पर पहुंचे, जहां वे 6332 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। महिला रैली को भी संबोधित करेंगे और गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।

नरेंद्र मोदी दो दिन के दौरे पर मंगलवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। दोपहर 1:40 बजे एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे हेलिकॉप्टर से बरेका गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां आनंदीबेन पटेल और योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। पीएम यहां लंच के बाद पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरे को राजनीतिक और विकास कार्यों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत होनी है।


महिला रैली में दिखेगा शक्ति प्रदर्शन

शाम 4 बजे पीएम बीएलडब्ल्यू ग्राउंड में महिला जन आक्रोश रैली को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में 25 हजार से ज्यादा महिलाओं के शामिल होने का दावा किया गया है, जिनमें से 44 महिलाएं मंच पर मौजूद रहेंगी। इस दौरान पीएम कुल 6,332 करोड़ रुपए की 163 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें सिग्नेचर ब्रिज और कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जैसी बड़ी योजनाएं शामिल हैं, जो शहर के विकास को नई गति देंगी।


भाजपा नेताओं का जुटान, 11 साल में 54वां दौरा

इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी काशी पहुंचे हैं, जिनमें नितिन नवीन, ब्रिजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य शामिल हैं। पीएम मोदी का यह काशी का 11 साल में 54वां दौरा है, जबकि साल 2026 का यह पहला दौरा है। इससे पहले वे नवंबर 2025 में यहां आए थे।


गंगा एक्सप्रेसवे का भी करेंगे उद्घाटन

पीएम मोदी बुधवार को काशी से हरदोई जाएंगे, जहां वे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा, जिससे प्रदेश में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। दौरे को देखते हुए शहर में ट्रैफिक एडवाइजरी लागू की गई है और कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।


यह भी पढ़ें- BREAKING योगी सरकार का बड़ा ऐलान, यूपी पुलिस में होंगी 1 लाख नई भर्तियां, लखनऊ में रेडियो ऑपरेटर को जॉइनिंग लेटर बांटे

advertisement image