Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Apr 2026, 11:16 am
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस साल यूपी पुलिस में 1 लाख नई भर्तियां की जाएंगी। यह भर्ती होमगार्ड, सिपाही और दरोगा के पदों पर होगी। इस दौरान उन्होंने 936 रेडियो ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे और उनके साथ संवाद किया। सीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार देना और पुलिस बल को और मजबूत बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष होगी और इसमें किसी भी तरह की सिफारिश या पैसे की जरूरत नहीं पड़ेगी।
9 साल में रिकॉर्ड भर्ती, पारदर्शिता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती पूरी पारदर्शिता के साथ की गई है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि कई राज्यों की कुल पुलिस संख्या भी इससे कम होगी। इसके अलावा 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया गया है, जिससे प्रदेश का प्रदर्शन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर हुआ है। सीएम ने स्पष्ट कहा कि अब भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित है, जिसमें उम्मीदवार की योग्यता और क्षमता को प्राथमिकता दी जाती है।
ट्रेनिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव, एक साथ हजारों को प्रशिक्षण
सीएम योगी ने बताया कि साल 2017 से पहले प्रदेश में एक बार में सिर्फ 3 हजार पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग देने की क्षमता थी, लेकिन अब इसमें बड़ा बदलाव आया है। साल 2025 में 60,244 सिपाहियों की भर्ती कर उन्हें एक साथ यूपी में ही प्रशिक्षण दिया गया। हाल ही में 60 हजार से ज्यादा सिपाहियों की पासिंग आउट परेड भी आयोजित हुई, जो बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अगर नीयत साफ हो और नीति स्पष्ट हो, तो बड़े परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
युवाओं के लिए बड़ा संदेश, बिना सिफारिश मिलेगी नौकरी
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब नौकरी पाने के लिए किसी सिफारिश या पैसे की जरूरत नहीं है। पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश ही नहीं, दुनिया की सबसे बड़ी सिविल पुलिस का हिस्सा बनने का मौका मिल रहा है, जहां वे 25 करोड़ लोगों की सेवा करेंगे। यह फैसला प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए बड़ी राहत और उम्मीद लेकर आया है।
यह भी पढ़ें- यूपी में आज से होमगार्ड भर्ती परीक्षा, 25 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल, प्रदेश में अलर्ट!