Curated By:
|
Hindi Now Uttar Pradesh • 23 Jan 2026, 06:33 pm
कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए तस्करी के मुख्य सरगना बताए जा रहे शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल की करीब 28.50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को सोनभद्र पुलिस की टीम वाराणसी पहुंची, जहां रामकटोरा सहित कई इलाकों में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, यह संपत्ति शुभम जायसवाल की पत्नी वैशाली और मां शारदा देवी के नाम पर दर्ज है, जिसे अवैध कमाई से अर्जित बताया जा रहा है।
कोर्ट के आदेश पर वाराणसी में कुर्की, आलीशान मकान और कमर्शियल बिल्डिंग शामिल
सोनभद्र पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक की सबसे बड़ी कुर्की मानी जा रही है। जब्त की गई संपत्तियों में वाराणसी के बादशाह बाग कॉलोनी स्थित आलीशान आवासीय मकान, व्यावसायिक भवन और अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं। जांच में सामने आया कि इन संपत्तियों की खरीद अवैध रूप से अर्जित धन से की गई थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि भोला जायसवाल के खिलाफ सोनभद्र में दर्ज मामले की विस्तृत जांच के बाद अदालत ने 22 जनवरी को कुर्की का आदेश जारी किया था। इसके अनुपालन में सोनभद्र से पुलिस टीम को वाराणसी भेजा गया और नियमानुसार संपत्तियों को जब्त किया गया।
बैंक खाते फ्रीज, महंगी लग्जरी कार भी जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी परिवार से जुड़े कई बैंक खातों को भी फ्रीज किया है। इंडियन बैंक, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय शाखा, वाराणसी में स्थित खातों में करीब 1.20 करोड़ रुपये से अधिक की फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य धनराशि को सीज किया गया है। इसके अलावा एक मर्सिडीज-बेंज GLS-450D 4MATIC लग्जरी कार, जिसका वर्तमान अनुमानित मूल्य करीब 1.22 करोड़ रुपये है, उसे भी जब्त किया गया है। अचल संपत्तियों में चेतगंज, लल्लापुरा और भेलूपुर इलाके में स्थित कई बहुमूल्य मकान और व्यावसायिक भवन शामिल हैं, जिनमें से एक कमर्शियल बिल्डिंग की कीमत करीब 23 करोड़ रुपये आंकी गई है।
नशा तस्करी पर जीरो टॉलरेंस, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
एसपी अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी समाज के लिए गंभीर खतरा है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सोनभद्र पुलिस संगठित अपराध, नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और भविष्य में भी ऐसी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि उन्हें नशे के अवैध कारोबार या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में दो अवैध मजारों पर प्रशासन की नजर, दी सख्त चेतावनी, कहा- खुद ही हटा लो नहीं तो..