Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 25 Feb 2026, 05:35 pm
अखिलेश यादव शनिवार को वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने कानपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में एआई समिट, कानून-व्यवस्था और हालिया विवादों पर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई समिट को लेकर भाजपा सरकार ने कोई ठोस इकोसिस्टम या इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार नहीं किया। आयोजन में “नकली चीजें” दिखाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जब दूसरे देश में बने रोबोट प्रदर्शित किए जाएंगे तो सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने इसे सुरक्षा चूक भी बताया। इसके साथ ही माघ मेले में बटुक के साथ कथित अभद्रता के मामले में भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
डिप्टी सीएम और कानून-व्यवस्था पर निशाना
अखिलेश यादव ने कहा कि माघ मेले में पूजनीय बटुक की चोटी पकड़कर अपमानित किया गया, जो गंभीर मामला है। उन्होंने डिप्टी सीएम के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि यदि उनकी “चलती” होती तो ऐसी घटनाएं न होतीं। उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई और ब्राह्मण परिवार से जुड़े पुराने मामले का हवाला देते हुए सरकार पर भेदभाव के आरोप लगाए। कानून-व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “लॉ अलग चल रहा है और ऑर्डर अलग।” अयोध्या में बिना नोटिस कार्रवाई का भी उन्होंने जिक्र किया और इसे अनुचित बताया।
शहर में कार्यक्रमों में भी रहे शामिल
राजनीतिक बयानबाजी के बीच अखिलेश यादव शहर के स्वरूप नगर स्थित एक रेस्टोरेंट उद्घाटन में भी शामिल हुए। उनकी बेटी अदिति यादव और सिसामऊ सीट से विधायक नसीम सोलंकी ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने बिरहाना रोड की मशहूर ‘मुन्ना समोसा’ दुकान पर समोसे खाने की इच्छा जताई थी। 12 फरवरी की अपनी पिछली यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था कि कानपुर में क्या ज्यादा फेमस है—कचौड़ी या समोसा। इस बार उन्होंने अपने कार्यक्रम के साथ-साथ स्थानीय लोगों से मुलाकात भी की।
यह भी पढ़ें- क्या आप भी सुने हैं यूपी की जूता मार होली, भैंसा गाड़ी पर निकाले जाते हैं 'लाट साब', फिर जूते और झाड़ू से पीटने का रिवाज