Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 26 Dec 2025, 11:02 am
अमेरिका ने गुरुवार रात नाइजीरिया में आतंकी संगठन ISIS के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। ट्रम्प ने आरोप लगाया कि नाइजीरिया में ISIS लंबे समय से ईसाइयों को निशाना बनाकर बेरहमी से हत्या कर रहा है। उन्होंने आतंकियों को ‘आतंकी कचरा’ बताते हुए कहा कि अमेरिकी सेना ने इस ऑपरेशन में कई परफेक्ट स्ट्राइक को अंजाम दिया है। ट्रम्प ने साफ कहा कि अमेरिका कट्टर इस्लामी आतंकवाद को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं देगा। अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा- “सभी को क्रिसमस की बधाई, मारे गए आतंकियों को भी।” साथ ही चेतावनी दी कि अगर ईसाइयों पर हमले जारी रहे तो आगे और भी आतंकियों को मारा जाएगा।
ट्रम्प बोले- ऐसी सटीक कार्रवाई सिर्फ अमेरिका कर सकता है
राष्ट्रपति ट्रम्प ने अमेरिकी रक्षा मंत्रालय की तारीफ करते हुए उसे ‘डिपार्टमेंट ऑफ वॉर’ कहा। उन्होंने कहा कि इस तरह की सटीक और प्रभावी सैन्य कार्रवाई सिर्फ अमेरिका ही कर सकता है। ट्रम्प के मुताबिक, यह हमला आतंकियों को स्पष्ट संदेश है कि निर्दोष लोगों की हत्या करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर सिविल लिबर्टीज एंड द रूल ऑफ लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, नाइजीरिया में जनवरी से 10 अगस्त के बीच धार्मिक हिंसा में 7,000 से ज्यादा ईसाइयों की हत्या हुई है। इन घटनाओं के लिए बोको हरम और ISIS से जुड़े गुटों को जिम्मेदार माना गया है।
टॉमहॉक मिसाइलों से हुए हमले, कई आतंकी ढेर
अमेरिकी रक्षा विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, यह हमला नौसेना के जहाज से दागी गई दर्जन से ज्यादा टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों के जरिए किया गया। ये मिसाइलें गिनी की खाड़ी से दागी गईं और नाइजीरिया के सोकोतो राज्य में ISIS के दो ठिकानों पर गिरीं। यह इलाका नाइजर सीमा के पास है, जहां ISIS-सहेल नाम का आतंकी गुट सक्रिय है। अमेरिकी अफ्रीका कमान (AFRICOM) ने शुरुआती जांच में कई ISIS आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि की है। हालांकि, हमले के समय और कुल नुकसान को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अफ्रीका कमान के प्रमुख जनरल डैगविन एंडरसन ने कहा कि अमेरिका नाइजीरिया और क्षेत्रीय साझेदारों के साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई तेज कर रहा है।
नाइजीरिया बोला- हिंसा को धर्म से न जोड़ें
नाइजीरिया सरकार ने ईसाइयों को निशाना बनाने के आरोपों को खारिज किया है। राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू ने कहा कि नाइजीरिया धार्मिक आजादी के लिए प्रतिबद्ध लोकतांत्रिक देश है। सरकार का कहना है कि आतंकवाद देश के मूल्यों और वैश्विक शांति के खिलाफ है और इससे सख्ती से निपटा जाएगा।
यह भी पढ़ें- फर्जी आईडी से आयुष्मान कार्ड बनाने वाले गैंग का खुलासा, पुलिस ने सात को दबोचा