Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 18 May 2026, 01:42 pm
बिहार के छपरा से लखनऊ आने वाली गोमतीनगर एक्सप्रेस में रविवार सुबह एक युवती का सिर कटा शव मिलने से हड़कंप मच गया। ट्रेन के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद स्लीपर कोच एस-1 में सफाई के दौरान स्टाफ को एक संदिग्ध बॉक्स और बैग मिला। जब बॉक्स खोला गया तो उसमें एक युवती का धड़ मिला, जबकि उसके हाथ-पैर पॉलीथीन में पैक थे। युवती का सिर अभी तक बरामद नहीं हो सका है। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में दहशत फैल गई।
सफाई के दौरान मिला संदिग्ध बॉक्स
जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या 15114 छपरा से शनिवार शाम 5:45 बजे रवाना हुई थी और रविवार सुबह करीब 6 बजे गोमतीनगर स्टेशन पहुंची। ट्रेन के खाली होने के बाद सफाई कर्मचारियों को एस-1 बोगी में एक बॉक्स और बैग संदिग्ध हालत में मिला। कर्मचारियों ने इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी, जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंची। जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि बॉक्स खोलने पर युवती का धड़ मिला। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या धारदार हथियार से की गई है। हालांकि शव पर संघर्ष या अन्य चोटों के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस को शक है कि आरोपी ने शव को इस तरह पैक किया ताकि खून बाहर न दिखाई दे और किसी को शक न हो।
सीसीटीवी और यात्रियों से होगी पूछताछ
पुलिस ने मृतका की पहचान और आरोपी तक पहुंचने के लिए विशेष टीम गठित की है। जीआरपी अब ट्रेन के रूट में आने वाले सभी स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी। साथ ही एस-1 कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों का विवरण लेकर उनसे पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बॉक्स ट्रेन में किस स्टेशन से रखा गया और उसमें शव लेकर कौन सवार हुआ था। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- मां-पिता ने 50 हजार में नाबालिग बेटी का कर दिया सौदा, 28 साल के युवक से जबरन कराई शादी