यूपी के लखीमपुर खीरी में दर्दनाक सड़क हादसा, हाईवे पर ट्रक और मैजिक की जोरदार टक्कर, 10 की मौत

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 18 May 2026, 10:47 am
news-banner

लखीमपुर खीरी में पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं समेत 10 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अदलीसपुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे मैजिक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। मैजिक वाहन में दो महिलाओं समेत कुल 10 लोग सवार थे और सभी की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक करीब 10 फीट तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।


टक्कर इतनी भीषण कि वाहन के उड़ गए परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और अचानक वह बेकाबू होकर सामने से आ रहे मैजिक वाहन से जा भिड़ा। हादसे के बाद मैजिक वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे, जबकि दो लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला। एक गंभीर घायल को अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई शव बुरी तरह कुचल गए थे। सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और हाईवे पर यातायात को नियंत्रित कराया।


ट्रक कब्जे में, चालक की तलाश जारी

खमरिया के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, सीएचसी खमरिया के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल में दो महिलाओं और सात पुरुषों के शव लाए गए थे। एक अन्य गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।


यह भी पढ़ें- पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, कार ट्रेलर में घुसी, 5 की मौत, बिहार से दिल्ली जा रहा था परिवार

advertisement image