Curated By:
|
Hindi Now Uttar Pradesh • 20 Jan 2026, 03:00 pm
कानपुर में मंगलवार को दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली। सर्वर फॉल्ट के चलते पहली शिफ्ट की परीक्षा रद्द होते ही सैकड़ों अभ्यर्थी भड़क गए और परीक्षा केंद्र बने MGA कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया। नाराज छात्रों ने कॉलेज का मेन गेट तोड़ दिया और सर्वर रूम में घुसकर कंप्यूटर, कांच, दरवाजे, कुर्सियां और इलेक्ट्रिक वायर क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गेट न खुलने से भड़के अभ्यर्थी, सूचना न मिलने पर बढ़ा गुस्सा
अभ्यर्थियों के अनुसार पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 9 बजे से निर्धारित थी, जबकि एंट्री 8:45 बजे से होनी थी। तय समय बीतने के बाद भी कॉलेज का मुख्य गेट नहीं खोला गया। बाहर खड़े सैकड़ों छात्र-छात्राएं इंतजार करते रहे, लेकिन कॉलेज प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। बाद में सर्वर फॉल्ट की बात कहकर छात्रों से इंतजार करने को कहा गया। सुबह करीब 10:30 बजे तक न तो परीक्षा रद्द होने की लिखित सूचना चस्पा की गई और न ही कोई अधिकारी स्थिति स्पष्ट करने सामने आया। इससे अभ्यर्थियों का गुस्सा और भड़क गया।
मेन गेट तोड़कर घुसे छात्र, सर्वर रूम में की तोड़फोड़
महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर स्थित MGA कॉलेज में नाराज अभ्यर्थियों ने मेन गेट तोड़कर परिसर में प्रवेश कर लिया। छात्रों ने परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुए सर्वर रूम का गेट भी तोड़ दिया। वहां लगे कई कंप्यूटर सिस्टम क्षतिग्रस्त हो गए। छात्रों का कहना था कि लैब में कई सिस्टम चालू थे और लाइटें भी जल रही थीं, जिससे उन्हें शक हुआ कि अंदर पहले से परीक्षा कराई जा रही है। स्थिति बिगड़ती देख सर्वर ठप हो गया और बिजली काटनी पड़ी।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा, अन्य शिफ्ट की परीक्षा शिफ्ट
हंगामे की सूचना पर नरवल SDM विवेक कुमार मिश्रा और ACP चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर किसी तरह हालात पर काबू पाया। परीक्षा करा रही ईडिकुटी संस्था के सिटी हेड शुभम दीक्षित ने बताया कि तकनीकी फॉल्ट के कारण पहली शिफ्ट की परीक्षा SSC द्वारा निरस्त कर दी गई है और इसकी सूचना वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। शाम तक नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। वहीं, दूसरी और तीसरी शिफ्ट की परीक्षा यशोदा नगर स्थित BNS कॉलेज में शिफ्ट की गई, जहां MGA कॉलेज पहुंचे छात्रों को फ्री सिटी बस से भेजा गया। घटना के बाद दूर-दराज से आए हजारों अभ्यर्थी मायूस होकर लौट गए। छात्रों ने मांग की है कि रद्द परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाए और भविष्य में ऐसी अव्यवस्था दोबारा न हो।
यह भी पढ़ें- यूपी पुलिस एसआई भर्ती 2025: आवेदन में करेक्शन का आखिरी मौका, बोर्ड ने जारी किया टाइम-टेबल