Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 24 Dec 2025, 11:49 am
KGMU में सामने आए लव जिहाद के मामले में पीड़ित महिला डॉक्टर ने पुलिस को अपनी आपबीती बताई है। महिला डॉक्टर का आरोप है कि मुस्लिम रेजिडेंट डॉक्टर रमीजुद्दीन नायक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर दवा खिलाकर जबरन गर्भपात करा दिया गया। जब उसने शादी की बात की तो आरोपी ने धर्म परिवर्तन की शर्त रख दी और इनकार करने पर ब्लैकमेल करने लगा।
पीड़ित डॉक्टर के मुताबिक वह पश्चिम बंगाल के हावड़ा की रहने वाली है और लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में रहती है। वह KGMU लखनऊ में एमडी पैथालॉजी की पढ़ाई कर रही है और 1 जुलाई 2025 से पैथालॉजी विभाग में तैनात है। इसी विभाग में रमीजुद्दीन नायक भी रेजिडेंट डॉक्टर है, जिसने जुलाई में उससे दोस्ती की थी। रमीज ने अपना स्थायी पता खटीमा, उत्तराखंड और जन्म स्थान सहारनपुर बताया था।
शादी का झांसा देकर बनाया शारीरिक संबंध
महिला डॉक्टर ने बताया कि शुरुआत में दोनों की दोस्ती सामान्य थी। वह रमीज पर भरोसा करने लगी थी। दोनों कई बार ठाकुरगंज, चौक और हुसैनाबाद इलाके में साथ घूमने और खाने जाते थे। इसी दौरान रमीज ने शादी का भरोसा देकर धीरे-धीरे उसके करीबियां बढ़ा लीं। 10 अगस्त को वह उसके किराए के मकान पर आया और शादी का आश्वासन देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। पीड़िता का कहना है कि एक बार वह रमीज के हुसैनाबाद स्थित किराए के मकान पर गई, जहां उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए गए। उस समय भी उसने शादी का भरोसा दिया, जिस कारण उसने शिकायत नहीं की।
गर्भपात और धर्म परिवर्तन का दबाव
सितंबर में महिला डॉक्टर को पता चला कि वह गर्भवती है। जब उसने यह बात रमीज को बताई तो उसने यह कहकर दवा खिला दी कि अभी शादी नहीं हुई है और यह ठीक नहीं है। बाद में उसका गर्भपात हो गया। इसी दौरान उसकी मुलाकात ठाकुरगंज में बतूल प्लाजा के सामने मानसी सक्सेना से हुई, जिसने खुद को रमीज की पत्नी बताया। महिला ने दावा किया कि रमीज ने फरवरी 2025 में उसका धर्म परिवर्तन कराकर निकाह किया है। इस पर जब पीड़िता ने रमीज से सवाल किया तो उसने सब कुछ झूठ बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह उसी से शादी करेगा। अक्टूबर में जब महिला डॉक्टर ने शादी के लिए दबाव बनाया तो नवंबर में रमीज ने साफ कह दिया कि शादी तभी होगी, जब वह धर्म परिवर्तन कर ले। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।
ब्लैकमेलिंग से टूटकर की आत्महत्या की कोशिश
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद रमीज ने उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह लगातार धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता रहा। मानसिक रूप से टूट चुकी महिला डॉक्टर ने 17 दिसंबर को मिर्टाजापाइन और वेनलाफैक्सिन की करीब 30 गोलियां खा लीं। समय रहते दोस्तों शुभम और उर्वशी ने उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद उसने अपने पिता को पूरी बात बताई और परिवार के सहयोग से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- उन्नाव रेप केस में पीड़िता का चौंकाने वाला दावा, अब जो कहा- जानकर दंग रह जाएंगे आप!