5 करोड़ की हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, कुशीनगर में बाराबंकी एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 04 Apr 2026, 05:07 pm
news-banner

बाराबंकी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने कुशीनगर में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने यहां हेरोइन की तस्करी करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 5 करोड़ की हेरोइन, नकदी और मोबाइल बरामद हुए हैं।

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। बाराबंकी एएनटीएफ और पुलिस टीम ने कुशीनगर में कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 2.5 किलो हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। साथ ही नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।


नहर पुल के पास घेराबंदी कर पकड़े गए तस्कर

पुलिस के मुताबिक, 3 अप्रैल को गोपालगढ़ ओवर ब्रिज के पास नहर पुल के समीप सर्विस लेन पर चेकिंग के दौरान दोनों तस्करों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद साहनी (बिहार) और राहुल कुमार (झारखंड) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 2.505 किलोग्राम हेरोइन, 11,040 रुपये नकद, एक आईफोन, एक एंड्रॉयड फोन और दो कीपैड मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा उनके पास से आधार और पैन कार्ड भी मिले हैं।


खुद बनाते थे हेरोइन, फिर ऊंचे दाम पर बेचते थे

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दोनों मिलकर पहले अफीम खरीदते थे और फिर उससे हेरोइन तैयार करते थे। इसके बाद इसे अलग-अलग ग्राहकों को ऊंचे दाम पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी कुशीनगर में भी हेरोइन बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश में आए थे, लेकिन उससे पहले ही टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस, और गिरफ्तारी की तैयारी

जांच एजेंसियों को पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस रैकेट में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस दोनों तस्करों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

advertisement image