महीनों से गंदा पानी पी रहे लखनऊ के लोग, सरकार कर रही मौत का इंतजार: संजय सिंह

Curated By: shivnowup | Hindi Now Uttar Pradesh • 15 Jan 2026, 05:21 pm
news-banner

आप सांसद संजय सिंह ने लखनऊ के वीआईपी इलाकों में गंदा पानी सप्लाई होने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार से तुरंत साफ पेयजल, नई बोरिंग और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार पर राजधानी लखनऊ में जनता को गंदा और दूषित पानी पिलाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सचिवालय कॉलोनी और उदयगंज जैसे वीआईपी माने जाने वाले इलाकों में पिछले करीब आठ महीनों से हजारों लोग बदबूदार और मटमैला पानी पीने को मजबूर हैं। इसके चलते बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग लगातार बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।


साफ पानी न मिलना सरकार की संवेदनहीनता
उदयगंज इलाके में पहुंचे संजय सिंह ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने बताया कि नलों से आने वाला पानी पीने लायक नहीं है। उसमें बदबू आती है और गंदगी साफ दिखाई देती है। मजबूरी में लोग वही पानी इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे डायरिया, पेट दर्द, उल्टी, बुखार और त्वचा रोग जैसी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। संजय सिंह ने कहा कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि जनता की सेहत के साथ किया जा रहा खुला अपराध है। अगर राजधानी के बीचों-बीच लोगों को साफ पानी नहीं मिल पा रहा है, तो प्रदेश के गांवों और कस्बों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।


शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान
आप सांसद ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोग महीनों से जलकल विभाग, नगर निगम और प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं। लिखित शिकायतें दी गईं, अधिकारियों से मुलाकात की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। न तो दूषित पाइपलाइन बदली गई, न टंकियों की सफाई हुई और न ही नई बोरिंग कराई गई। संजय सिंह ने कहा कि सरकार जल जीवन मिशन और स्मार्ट सिटी के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च करने का दावा करती है, लेकिन हकीकत यह है कि राजधानी में ही लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। यह भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलता का साफ उदाहरण है।


इंदौर जैसी घटना का इंतजार कर रही सरकार?
संजय सिंह ने इंदौर में गंदे पानी से हुई मौतों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या सरकार लखनऊ में भी ऐसी किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रही है? उन्होंने कहा कि साफ पानी देना सरकार की जिम्मेदारी है, कोई एहसान नहीं। अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।


आप सांसद की प्रमुख मांगें
संजय सिंह ने मांग की कि सचिवालय कॉलोनी और उदयगंज में तत्काल नई बोरिंग कराई जाए, पुरानी और दूषित पाइपलाइनों को बदला जाए और स्थायी समाधान होने तक टैंकरों से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाए। साथ ही गंदा पानी सप्लाई होने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी राजधानी लखनऊ में जन आंदोलन करेगी और सड़कों पर उतरकर जनता के हक के लिए संघर्ष करेगी।


यह भी पढ़ें- आप सांसद बोले- एसआईआर कराना चुनाव आयोग का अधिकार नहीं, ये सिर्फ वोटर्स के नाम हटाने की साजिश

advertisement image