Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 19 Feb 2026, 12:56 pm
लखनऊ में साइबर ठगों ने बड़ा दुस्साहस करते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार का निजी मोबाइल नंबर 18 फरवरी को हैक कर लिया। हैकर ने इस नंबर से 40 से ज्यादा IAS और PCS अधिकारियों को मैसेज और क्यूआर कोड भेजकर 20 हजार, 40 हजार और 48 हजार रुपये तुरंत ट्रांसफर करने की मांग की। मैसेज में दो दिन बाद रकम लौटाने का भरोसा भी दिया गया। हालांकि कई अधिकारियों को मैसेज की भाषा और अंदाज पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने सीधे प्रथमेश कुमार से संपर्क किया। तब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
डेढ़ घंटे तक हैकर के कब्जे में रहा नंबर
मामले की जानकारी मिलते ही प्रथमेश कुमार ने संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार को कॉल कर घटना से अवगत कराया। इसके बाद साइबर सेल सक्रिय हुई और तकनीकी जांच शुरू की गई। एलडीए सूत्रों के मुताबिक, उपाध्यक्ष का मोबाइल नंबर करीब डेढ़ घंटे तक हैकर के नियंत्रण में रहा। रात करीब 11 बजे के बाद साइबर टीम ने नंबर को दोबारा सुरक्षित कर लिया। प्रारंभिक जांच में हैकर की लोकेशन छत्तीसगढ़ के जमशेदपुर क्षेत्र में ट्रेस की गई है। पुलिस टीम संदिग्ध की तलाश में रवाना हो चुकी है। राहत की बात यह रही कि किसी भी अधिकारी ने रकम ट्रांसफर नहीं की, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान टल गया।
अपर सचिव के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी भी बनाई
इसी दौरान साइबर ठगों ने एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर भी ठगी की कोशिश की। प्रोफाइल फोटो और नाम का इस्तेमाल कर डुप्लीकेट अकाउंट तैयार किया गया और उनके परिचितों से मोबाइल नंबर व पैसों की मांग की गई। मामला तब सामने आया जब परिचितों ने सीधे फोन कर पुष्टि की। एलडीए की ओर से स्पष्ट किया गया है कि उपाध्यक्ष का निजी नंबर हैक हुआ था और सभी अधिकारियों व संबंधित लोगों से अपील की गई है कि उक्त नंबर से आए किसी भी कॉल या मैसेज पर अगली सूचना तक प्रतिक्रिया न दें। फिलहाल साइबर पुलिस पूरे डिजिटल ट्रेल की जांच में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- कानपुर में फर्जी दरोगा गिरफ्तार, किए थे ऐसे कांड, जानकर हर कोई हैरान, आप भी कहेंगे- क्या आदमी है यार!