लखनऊ में नीट की छात्रा से कैब ड्राइवर ने किया रेप, लड़की हुई प्रेगनेंट तो कर दिया बड़ा कांड, जानें पूरा मामला

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 19 Feb 2026, 12:46 pm
news-banner

लखनऊ में NEET की तैयारी कर रही वाराणसी की छात्रा से शादी का वादा कर कैब ड्राइवर फरार हो गया। मंदिर में शादी और बेटी के जन्म के बाद आरोपी ने अपनाने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।

लखनऊ में NEET की तैयारी करने आई वाराणसी की एक छात्रा के साथ बड़ा धोखा हुआ है। चिनहट इलाके में किराए के कमरे में रहकर गोमतीनगर में कोचिंग करने वाली प्रिया (बदला नाम) की मुलाकात जुलाई 2023 में एक कैब ड्राइवर आदित्य यादव से हुई थी। रोज कोचिंग आने-जाने के दौरान दोनों में बातचीत बढ़ी और दोस्ती हो गई। प्रिया का आरोप है कि भरोसा जीतने के बाद आदित्य ने उसे अपने कमरे पर बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। बाद में गर्भवती होने पर बचने के लिए शादी का ऑफर दिया। इसके बाद मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद घर में बेटी का जन्म हुआ तो वह उसे छोड़कर फरार हो गया।


रोजाना कोचिंग छोड़ने जाता था आरोपी

प्रिया के मुताबिक आदित्य यादव बाराबंकी का रहने वाला है, रोज कैब से उसे कोचिंग छोड़ने और लाने लगा। इसी दौरान वह प्यार का इजहार करने लगा। पहले तो उसने इन बातों को नजरअंदाज किया, लेकिन लगातार भरोसा दिलाने और साथ निभाने के वादों के बाद वह उसके करीब आ गई। आरोप है कि एक दिन बहाने से अपने कमरे पर ले जाकर चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया। होश खोने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। कुछ समय बाद जब गर्भवती होने का पता चला तो आदित्य ने शादी का प्रस्ताव रखा। प्रिया के मुताबिक दोनों ने चंद्रिका देवी मंदिर में दो दोस्तों की मौजूदगी में शादी की और पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे।


बेटी के जन्म के बाद बदला व्यवहार

2 फरवरी को एक निजी अस्पताल में प्रिया ने बेटी को जन्म दिया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आदित्य उसे नौबस्ता के एक कमरे में लेकर गया, जहां तीन दिन साथ रहा। इसके बाद दवा लेने का बहाना बनाकर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। प्रिया का आरोप है कि फोन पर संपर्क करने पर उसने साफ कह दिया कि वह उसे और बच्ची को नहीं अपनाएगा। यहां तक कि मां-बेटी को मर जाने तक की बात कही। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया।


पीड़िता ने की पुलिस में शिकातय, मुकदमा दर्ज

पीड़िता ने चिनहट थाने और एसीपी विभूति खंड से शिकायत की। 18 फरवरी को उसने ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार से भी मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। एसएचओ चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक छात्रा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटनाक्रम के बाद पीड़िता आर्थिक और मानसिक रूप से टूट गई है। उसका कहना है कि उसके पास बच्ची के दूध तक के पैसे नहीं बचे हैं।


यह भी पढ़ें- नौकरी का झांसा देकर किया रेप, फिर देह व्यापार करने का बनाया दबाव, केस दर्ज कर पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

advertisement image