यूपी में दो बड़े हादसे, मथुरा-औरैया में नहर में गिरीं दो कार, मच गई चीख-पुकार, 7 की मौत से मचा मातम

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 19 Feb 2026, 05:03 pm
news-banner

मथुरा में कार नहर में गिरने से 2 लॉ स्टूडेंट समेत 4 युवकों की मौत हो गई। वहीं औरैया में शादी से लौट रहे कारोबारी परिवार के 3 लोगों की नहर हादसे में जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मथुरा में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 लॉ स्टूडेंट समेत 4 युवकों की मौत हो गई। हादसा मगोर्रा थाना क्षेत्र के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी नहर में जा गिरी। सभी युवक शादी समारोह में शामिल होने डीग जा रहे थे।


मोड़ नहीं देख पाया चालक, नहर में जा गिरी कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों युवक फ्रॉन्क्स कार से महावन से गोवर्धन होते हुए बाईपास मार्ग से डीग की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक आए मोड़ को चालक सही से नहीं देख पाया और कार सीधे नहर में गिर गई। गाड़ी के नहर में गिरते ही तेज आवाज हुई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने गाड़ी का दरवाजा तोड़कर दो युवकों को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।


क्रेन से निकाली गई कार, चारों के शव पोस्टमॉर्टम को भेजे गए

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन मंगाकर कार को नहर से बाहर निकाला गया। कार के अंदर से दो और युवकों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान राहुल (23), अमित (22) और मोहित के रूप में हुई है, जबकि एक युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। अमित और मोहित लॉ की पढ़ाई कर रहे थे। पुलिस ने चारों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।


शादी समारोह से लौट रहा था परिवार, देर रात हुआ हादसा

औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक कार 20 फीट गहरी नहर में गिर गई, जिससे कारोबारी, उनकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई। परिवार रिश्तेदार की शादी से लौट रहा था। रात में हादसे की जानकारी किसी को नहीं हो सकी।


सुबह राहगीरों ने देखा कार का टायर, जेसीबी से निकाली गई गाड़ी

गुरुवार सुबह राहगीरों ने नहर में कार का टायर देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने जेसीबी व ट्रैक्टर की मदद से कार को बाहर निकाला। कार के दरवाजे लॉक थे। शीशा तोड़ने पर अंदर तीनों के शव मिले। मृतकों की पहचान राजीव कुमार पोरवाल (60), उनकी पत्नी मधु गुप्ता (55) और बेटे शुभम (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।


यह भी पढ़ें- लखनऊ में नीट की छात्रा से कैब ड्राइवर ने किया रेप, लड़की हुई प्रेगनेंट तो कर दिया बड़ा कांड, जानें पूरा मामला

advertisement image