1 मई से बदले कई नियम, एक हजार रुपये तक महंगा हुआ कॉमर्शियल सिलेंडर, 5 किलो वाले सिलेंडर के बढ़े दाम

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 01 May 2026, 01:12 pm
news-banner

1 मई 2026 से देश में कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जबकि ऑनलाइन गेमिंग के लिए नए नियम प्रभावी हो गए हैं। डीजल एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती और यूएई के ओपेक प्लस से अलग होने का असर वैश्विक बाजार पर भी दे

मई महीने की शुरुआत के साथ देशभर में कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका असर आम लोगों से लेकर कारोबारियों तक पर देखने को मिलेगा। सबसे बड़ा बदलाव कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुआ है। तेल कंपनियों ने 1 मई से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में करीब 994 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। राजधानी दिल्ली में अब कॉमर्शियल सिलेंडर 3071.50 रुपये में मिल रहा है, जबकि पहले इसकी कीमत 2078.50 रुपये थी। इसके अलावा 5 किलो वाले एफटीएल सिलेंडर की कीमतों में भी 261 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। माना जा रहा है कि इसका असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग कारोबार पर पड़ेगा। आने वाले दिनों में चाय, नाश्ता और खाने की थालियां महंगी हो सकती हैं। शादी समारोह और बड़े आयोजनों का खर्च भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।


ऑनलाइन गेमिंग पर लागू हुए नए नियम

देश में आज से ‘ऑनलाइन गेमिंग रूल्स 2026’ भी लागू हो गए हैं। सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए ‘ऑनलाइन गेमिंग अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ के गठन का फैसला लिया है। यह संस्था गेमिंग प्लेटफॉर्म्स की निगरानी करेगी और उन्हें अलग-अलग श्रेणियों में बांटेगी। नए नियमों के तहत ऑनलाइन गेम्स को तीन कैटेगरी में रखा गया है, जिनमें ऑनलाइन मनी गेम्स, ऑनलाइन सोशल गेम्स और ई-स्पोर्ट्स शामिल हैं। मनी गेम्स पर रोक लगाई गई है, जबकि बाकी प्लेटफॉर्म्स के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी होगा। सरकार ने विदेशी गेमिंग कंपनियों को भी भारतीय कानूनों के दायरे में ला दिया है। अब अगर कोई कंपनी भारत में अपनी सेवाएं देगी, तो उसे भारतीय नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही यूजर्स की सुरक्षा के लिए उम्र सीमा, पेरेंटल कंट्रोल और टाइम लिमिट जैसे फीचर्स भी लागू किए जाएंगे, जिससे गेमिंग की लत और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।


डीजल ड्यूटी में कटौती और यूएई का बड़ा फैसला

केंद्र सरकार ने डीजल और हवाई ईंधन यानी एटीएफ पर लगने वाली स्पेशल एक्साइज ड्यूटी में भी बदलाव किया है। डीजल एक्सपोर्ट पर लगने वाली ड्यूटी घटाकर 23 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जो अप्रैल में 55.5 रुपये थी। वहीं एटीएफ पर ड्यूटी 42 रुपये से घटाकर 33 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। सरकार ने अब एटीएफ में सिंथेटिक फ्यूल की ब्लेंडिंग की अनुमति भी दे दी है, जिससे एविएशन सेक्टर को फायदा मिलने की उम्मीद है। दूसरी ओर संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई ने 1 मई से ओपेक और ओपेक प्लस से अलग होने का फैसला लिया है। इसके बाद यूएई तेल उत्पादन बढ़ा सकता है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई बढ़ने और कीमतों में गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि ईरान-अमेरिका तनाव के चलते ब्रेंट क्रूड की कीमतें अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।


यह भी पढ़ें- Exit Poll 2026: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की बंपर बढ़त, असम में एनडीए, केरल में कांग्रेस की सरकार, तमिलनाडु में एक्टर विजय ने बदल दी गणित

advertisement image