मौत का एसआईआर, एक और बीएलओ ने खाया जहर, पूरा मामला जान आप कहेंगे- सुपरवाइजर ने गलत किया!

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Dec 2025, 11:07 am
news-banner

उत्तर प्रदेश में एसआईआर कार्य में लगे बीएलओ काम के बढ़ते दबाव और तनाव से लगातार अपनी जान दे रहे हैं। अब मेरठ से एक और मामला सामने आया है। यहां एक बीएलओ ने जहर खा लिया है। आइए पूरा मामला जानते हैं।

उत्तर प्रदेश से मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां मेरठ जिले में एसआईआर ड्यूटी में लगे बीएलओ मोहित चौधरी ने कथित तौर पर काम के अत्यधिक दबाव के कारण जहर खा लिया। परिजनों के मुताबिक मोहित लगातार तनाव में थे और सुपरवाइजर की तरफ से बार-बार फोन कर परेशान किया जा रहा था। परिवार का आरोप है कि उन्हें सस्पेंशन की धमकियां दी जा रही थीं। स्थिति बिगड़ने पर मोहित को गढ़ रोड स्थित लोकप्रिय अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वह मुंडाली के मुरलीपुरा गांव के रहने वाले हैं और सिंचाई विभाग में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं, साथ ही पल्लवपुरम क्षेत्र में बीएलओ की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे।


हाथरस में बीएलओ की हार्ट अटैक से मौत

इसी बीच हाथरस से एक और दुखद खबर सामने आई, जहां SIR ड्यूटी में तैनात BLO कमलकांत शर्मा की हार्टअटैक से मौत हो गई। सुबह घर पर अचानक तबीयत बिगड़ने पर वह गिर पड़े। परिजन इलाज के लिए उन्हें अलीगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर डीएम अतुल वत्स परिजनों से मिलने पहुंचे और फर्श पर बैठकर परिवार को ढांढस बंधाया। कमलकांत की पत्नी नीलम का कहना है कि काम का दबाव बेहद बढ़ गया था और अधिकारी लगातार फोन करके उन्हें तनाव में डाल रहे थे।


कानपुर में बीएलओ से बदसलूकी का मामला

कानपुर में भी BLO के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म वितरण के दौरान महिला BLO शाहिदा परवीन से मोहल्ले के युवक मोहम्मद नईम ने अभद्रता की और सरकारी काम में बाधा डाली। शिकायत के आधार पर बेकनगंज थाने में FIR दर्ज की गई है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।


यूपी में अब तक 9 बीएलओ की मौत

राज्य में इस समय BLOs की लगातार मौतों और तनावपूर्ण परिस्थितियों ने चिंता बढ़ा दी है। अब तक 9 BLO की जान जा चुकी है, जिनमें 3 सुसाइड, 4 हार्टअटैक और 1 ब्रेन हेमरेज से मौत शामिल है। वहीं संभल में SIR ड्यूटी में तैनात अरविंद कुमार की नींद में ही मौत हो गई थी।

इन घटनाओं के बीच गोंडा से प्रेरणादायक खबर भी आई, जहां महिला BLO आरती देवी और नीलम मिश्रा को समय पर SIR पूरा करने पर सम्मानित किया गया। दोनों ने छोटे बच्चे की देखभाल करते हुए अपने बूथ पर निर्धारित समय में काम पूरा किया। आरती ने बताया कि उन्होंने 12-13 दिनों में 781 वोटरों का काम निपटाया और घर-घर जाकर फॉर्म बांटने के बाद कैंप लगाकर फॉर्म भरवाए।


यह भी पढ़ें- एसआईआर में लगे एक और शिक्षक के साथ अनहोनी, जो हुआ जानकर दंग रह जाएंगे आप!

advertisement image