Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 25 Nov 2025, 11:20 am
झांसी में मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने अयोध्या में राम मंदिर पर फहराई जाने वाली केसरिया पताका को ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि आज राम मंदिर पर धर्म ध्वज शान से लहराएगा। यह वही दृश्य है, जिसकी प्रतीक्षा वर्षों से थी। उमा ने भावुक होते हुए 30 अक्टूबर 1990 की घटना याद दिलाई। उन्होंने कहा कि उस दिन अयोध्या के ही छज्जू हलवाई ने केसरिया पताका फहराने की कोशिश की थी, लेकिन PAC ने उन्हें गोली मार दी थी और उसकी लाश ऊपर से नीचे गिरी थी। आज फर्क बस इतना है कि अब गोली नहीं चलेगी, बल्कि धर्म ध्वज पर फूल बरसाए जाएंगे। उमा भारती ओरछा में भगवान राम और सीता के विवाह उत्सव में शामिल होने पहुंचीं थीं। यहां पत्रकारों से बातचीत में यह बयान दिया।
उमा भारती शताब्दी एक्सप्रेस से झांसी आईं। अयोध्या के कार्यक्रम में बुलावा न मिलने पर उन्होंने कहा कि इस बात का उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि उनके लिए अयोध्या और ओरछा दोनों ही समान रूप से पवित्र हैं। उन्होंने बताया कि ओरछा आने का निर्णय पहले से तय था और वे हर हाल में यहां आने वाली थीं। उत्तर प्रदेश में चल रहे SIR अभियान पर बोलते हुए उमा भारती ने अखिलेश यादव और मायावती पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों के शासनकाल में भारी संख्या में फर्जी वोटर वोटर लिस्ट में जोड़े गए थे। अब जब फर्जी नाम हटाए जा रहे हैं, तो विपक्ष परेशान है। उमा ने कहा कि अखिलेश यादव का भी वही हाल होगा, जैसा हाल हाल ही में तेजस्वी यादव को झेलना पड़ा है।
पश्चिम बंगाल में TMC विधायक द्वारा 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले बयान पर भी उमा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बाबर के नाम पर किसी भवन का निर्माण कैसे हो सकता है, वह भी 6 दिसंबर जैसे संवेदनशील दिन पर? उमा ने दावा किया कि ऐसी कोई इमारत टिक नहीं पाएगी और ममता बनर्जी की सरकार भी जल्द ध्वस्त होगी। उमा भारती ने कहा कि आज का दिन सिर्फ ध्वजारोहण का नहीं, बल्कि उस संघर्ष की जीत का भी प्रतीक है, जिसके लिए कई लोगों ने अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने विश्वास जताया कि धर्म ध्वज के साथ रामराज्य की भावना पूरे देश में और मजबूत होगी।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर में ध्वजारोहण, पीएम मोदी पहुंचे अयोध्या, रोड शो और सप्त ऋषिओं के किए दर्शन, कुछ ही देर में भव्य कार्यक्रम