Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Dec 2025, 07:36 pm
आईपीएल 2026 की तैयारियों के बीच मंगलवार को अबू धाबी में आयोजित मिनी नीलामी अमेठी जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण साबित हुई। जिले के प्रतिभाशाली क्रिकेटर प्रशांत वीर ने इस नीलामी में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए टूर्नामेंट के अब तक के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने उन्हें 14.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में अपनी टीम में शामिल किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह की लहर दौड़ गई।
संग्रामपुर विकासखंड के गूजीपुर गांव निवासी प्रशांत वीर की इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनका पैतृक गांव बल्कि पूरा अमेठी जिला और प्रदेश गर्व से भर उठा है। प्रशांत की सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास की मजबूत नींव है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा संग्रामपुर ब्लॉक स्थित भारद्वाज एकेडमी और केपीएस स्कूल में हुई। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनकी गहरी रुचि दिखाई देने लगी थी। इसी रुचि को सही दिशा मिली शहर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में तैनात क्रिकेट कोच गालिब अंसारी के मार्गदर्शन में, जहां उन्होंने क्रिकेट की विधिवत ट्रेनिंग शुरू की।
अपनी प्रतिभा को और निखारने के बाद प्रशांत का चयन स्पोर्ट्स हॉस्टल मैनपुरी में हुआ। वहीं से उन्होंने कक्षा नौ और दस की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने सहारनपुर से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। शिक्षा के साथ-साथ खेल में भी उन्होंने निरंतर प्रगति की और स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया की अंडर-19 टीम में चयनित होकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। हाल ही में उनका चयन रणजी ट्रॉफी के लिए भी हो चुका है। आईपीएल जैसी प्रतिष्ठित लीग में इतनी बड़ी बोली लगना इस बात का संकेत है कि प्रशांत वीर में भविष्य का बड़ा सितारा बनने की पूरी क्षमता मौजूद है। उनकी इस उपलब्धि ने अमेठी के युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी है।
मिनी नीलामी में रिकॉर्ड बोली की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का सैलाब आ गया। फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर लोगों ने पोस्ट साझा कर खुशी जताई। खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और युवाओं ने प्रशांत को अमेठी का गौरव बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रशांत वीर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह को अपना आदर्श मानते हैं। वे बचपन से उन्हें खेलते हुए देखकर प्रेरित हुए हैं और भारत के लिए खेलने का सपना संजोए हुए हैं। घरेलू क्रिकेट में भी प्रशांत शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हुए वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी छाप छोड़ रहे हैं। 20 वर्षीय खिलाड़ी अब तक दो प्रथम श्रेणी और नौ टी20 मुकाबले खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने क्रमशः सात और 112 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में भी उन्होंने दोनों प्रारूपों में क्रमशः दो और 12 विकेट झटके हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में बढ़ी राजनीतिक हलचल, नया अध्यक्ष मिलने के बाद अब होने वाला है ये बड़ा बदलाव!