Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Dec 2025, 05:57 pm
लखनऊ में किराए से जुड़े विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक किराएदार लड़की के बॉयफ्रेंड ने अपने साथियों के साथ घर में घुसकर जल निगम के ठेकेदार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने तमंचे के बट से ठेकेदार का सिर फोड़ दिया और गोली मारने की धमकी देकर 5 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के गहने लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह घटना पारा थाना क्षेत्र के बुद्धेश्वर स्थित आदर्श विहार कॉलोनी की है। कॉलोनी निवासी ठेकेदार पिंटू शर्मा ने पुलिस को बताया कि 15 दिसंबर की रात करीब 8:30 बजे वह घर में अकेले थे। उनकी पत्नी उस समय मायके गई हुई थी। इसी दौरान चार युवक गेट पर पहुंचे और अंदर आने की बात कहने लगे। पिंटू शर्मा के मुताबिक उन्होंने जैसे ही छोटा गेट खोला, चारों युवक जबरन धक्का देकर घर के भीतर घुस आए। इनमें से दो युवकों के हाथ में असलहा था। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे के बट से उनके सिर पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। इसके बाद कमर में तमंचा सटाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
5 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात लेकर गए
आरोपियों ने अलमारी की चाबी छीन ली और अलमारी खोलकर उसमें रखे 5 लाख रुपये नकद, डेढ़ तोले की सोने की चेन और करीब 7 ग्राम अन्य सोने के गहने लूट लिए। लूटपाट के दौरान घर का सामान भी बिखेर दिया गया। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई। पिंटू शर्मा ने बताया कि उनके घर की दूसरी मंजिल पर शकुंतला विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा भारती किराए पर रहती थी। किराया न देने को लेकर विवाद होने पर उन्होंने 5–6 दिन पहले उसका कमरा खाली करा लिया था और किराया चुकाने तक उसका फ्रिज अपने पास रख लिया था।
अक्सर घर आता-जाता था लड़की का बॉयफ्रेंड
पिंटू ने आरोप लगाया कि इस घटना में भारती का बॉयफ्रेंड अनुज शामिल था, जो पहले भी उससे मिलने उनके घर आता-जाता था, इसके चलते वह उसे पहचानते हैं। एक अन्य आरोपी मलिक को भी उन्होंने पहचान लिया है, जबकि दो युवक बाहर खड़े थे। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पिंटू शर्मा को एंबुलेंस से रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। बाद में उन्होंने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पारा थाना प्रभारी सुरेश सिंह के मुताबिक किराए को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था और फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- आग बुझी तो डराने वाला नजारा, मिले कंकाल और राख जैसी लाशें, डीएनए से होगी पहचान, तस्वीरें देख हिल जाएंगे आप!