यूुपी में दर्दनाक हादसा, ओवरटेक करने के चक्कर में पलट गई 60 यात्रियों से भरी बस, 25 से ज्यादा लोग घायल, बुद्ध पूर्णिमा पर जा रहे थे गंगा स्नान करने

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 01 May 2026, 05:20 pm
news-banner

बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी प्राइवेट बस शाहजहांपुर में पलट गई। हादसे में 25 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं एक घायल महिला के बेटे ने सिपाही पर जेवर और नकदी रखने का गंभीर आरोप लगाया है।

बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक प्राइवेट बस शुक्रवार सुबह शाहजहांपुर के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। हरपालपुर से फर्रुखाबाद आ रही बस गांव रघुनाथपुर के पास ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए ग्रामीणों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश लोग पांचाल घाट पर गंगा स्नान करने जा रहे थे। हादसे में 25 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 11 को फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां नौ लोगों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। यात्रियों का आरोप है कि चालक तेज रफ्तार में बस चला रहा था और कई बार समझाने के बावजूद उसने गति कम नहीं की।




ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित हुई बस, कई यात्री घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गांव रघुनाथपुर के पास चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी बस अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में हरदोई जिले के कई गांवों के लोग शामिल हैं। अस्पताल में भर्ती यात्रियों में राधिका, नन्हीं देवी, विश्व प्रताप सिंह, उमाकांती, गुड्डी, रामदेवी, अनुष्का, रामलड़ैते, जदुवीर सिंह, रंजीत सिंह और राजू शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम, एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय और सीओ अभय वर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस चालक की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।




घायल महिला के बेटे ने सिपाही पर लगाए गंभीर आरोप

हादसे के बाद एक नया विवाद भी सामने आया है। घायल महिला उमाकांती के बेटे राहुल ने आरोप लगाया कि बस पलटने के दौरान उनकी मां के कान के कुंडल और छह हजार रुपये नीचे गिर गए थे। राहुल का कहना है कि बचाव के दौरान एक सिपाही ने वह सामान उठा लिया था। जब उन्होंने सिपाही से सामान वापस मांगा तो उसने पहले अस्पताल जाकर इलाज कराने की बात कही। बाद में थाने पहुंचने पर सिपाही ने रुपये और कुंडल लेने से इनकार कर दिया। इस आरोप के बाद परिवार काफी परेशान दिखाई दिया और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए। फिलहाल इस मामले में अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, हादसे के बाद प्रशासन ने बसों की सुरक्षा और ओवरलोडिंग को लेकर जांच तेज करने की बात कही है।


यह भी पढ़ें- एमपी में बड़ी दुर्घटना, बरगी डैम में डूब गया क्रूज, मौत से मचा मातम, 9 लाशें मिलीं

advertisement image