कलेवा में दूल्हे ने किया नखरा तो दुल्हन ने साथ जाने से किया इनकार, फिर जो हुआ, मामला जान शॉक्ड हो जाएंगे आप!

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 23 Nov 2025, 01:49 pm
news-banner

यूपी के फर्रुखाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इनकार कर दिया। फिर दुल्हन को मनाने के लिए दूल्हा घंटों पुलिस चौकी पर रोता रहा। आइये पूरा मामला जान लेते हैं।

फर्रुखाबाद के नवाबगंज में एक विवाह समारोह खुशी से आरंभ हुआ, लेकिन अचानक उत्पन्न विवाद ने पूरे माहौल को मायूसी में बदल दिया। जनपद एटा के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के एक गांव से शुक्रवार को दूल्हा बरात लेकर पहुंचा था। बैंड-बाजे के साथ पारंपरिक द्वारचार की रस्में पूरी हुईं और स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। शनिवार तड़के भांवरें भी संपन्न हो गईं, जिससे विवाह की सभी प्रमुख रस्में पूरी मानी जा रही थीं।


मामला तब बिगड़ा जब कलेवा की बारी आई। दिव्यांग दूल्हा परंपरा के अनुसार चारपाई पर बैठने के बजाय कुर्सी पर बैठ गया। दुल्हन की मामी ने परंपरा निभाने पर जोर देते हुए दूल्हे से चारपाई पर बैठने की मांग की, लेकिन दूल्हा तैयार नहीं हुआ। दूल्हे के पिता ने स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि पुत्र के कूल्हे में चोट है, जिसके कारण उसका चारपाई पर बैठना संभव नहीं है। इसके बावजूद यह बात दुल्हन पक्ष को नागवार गुजरी और दोनों पक्षों में तनातनी शुरू हो गई।


बढ़ते तनाव के बीच दुल्हन और उसके परिजन गेस्ट हाउस छोड़कर अपने घर लौट आए। दुल्हन ने साफ कह दिया कि वह दूल्हे के साथ नहीं जाएगी। स्थिति बिगड़ने पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे। थाने में दूल्हा लगातार रोता रहा और दुल्हन को मनाने की कोशिशें हुईं, लेकिन वह अपने निर्णय पर अड़ी रही। काफी समझाइश और बातचीत के बाद भी दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इन्कार ही किया।


आखिरकार दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, जिसमें कन्या पक्ष ने दूल्हा पक्ष को दिए गए सभी जेवर लौटा दिए। विवाद सुलझने के बाद दूल्हा और उसके परिजन बिना दुल्हन के ही वापस लौट गए। थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडेय ने बताया कि मामला आपसी सहमति से निपट गया, इसलिए किसी भी पक्ष पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।


यह भी पढ़ें- शादी के सात दिन और दुल्हन का खौफनाक रूप, पूरा मामला जानकर हिल जाएंगे आप!

advertisement image