Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 20 May 2026, 05:17 pm
गोरखपुर के मानबेला स्थित अंबेडकर पार्क के कम्युनिटी सेंटर में बुधवार सुबह आग लगने और भवन का हिस्सा टूटने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी दी गई कि हादसे में कई लोग अंदर फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हो गईं। राहत और बचाव दलों को जल्दी पहुंचाने के लिए यातायात पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया। मौके पर पहुंची टीमों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि बाद में पता चला कि यह पूरा घटनाक्रम गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर कराई गई मल्टी हजार्ड मॉक ड्रिल का हिस्सा था। इस अभ्यास के जरिए आपदा के समय विभिन्न विभागों की तैयारी और तालमेल को परखा गया।
फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
मॉक ड्रिल के दौरान सुबह 5:30 बजे एनडीआरएफ कंट्रोल रूम की ओर से जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर को काल्पनिक हादसे की सूचना दी गई थी। इसके बाद जिले में इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम लागू किया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के नेतृत्व में पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व, एसडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा की टीमों को मौके पर भेजा गया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का काम किया, जबकि भवन की पहली और दूसरी मंजिल पर फंसे लोगों को सीढ़ियों के सहारे नीचे उतारा गया। एसडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा की टीमों ने घायलों को स्ट्रेचर की मदद से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। इस दौरान एनडीआरएफ ने यह भी जांचा कि अलग-अलग विभाग कितनी तेजी से घटनास्थल तक पहुंचे और उन्होंने आपस में कैसे तालमेल बनाया।
दीवार काटकर लोगों को निकाला गया बाहर
डॉग स्क्वॉड की मदद से भवन के अंदर फंसे लोगों की तलाश की गई। इसके बाद एनडीआरएफ ने कमांड पोस्ट और मेडिकल पोस्ट बनाकर राहत अभियान को आगे बढ़ाया। टीम ने टूटी हुई दीवार को काटकर अंदर फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए पीएचसी चरगांवा भेजा। इस मॉक ड्रिल में स्वास्थ्य विभाग की दो एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ, डॉग स्क्वॉड, नागरिक सुरक्षा के 35 वार्डन, 12 आपदा मित्र और जिला आपदा प्रबंधन की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित राहत और बचाव व्यवस्था को मजबूत बनाना है। मॉक ड्रिल का निरीक्षण डीआईजी एनडीआरएफ वाराणसी मनोज कुमार ने डिप्टी कमांडेंट अनिल कुमार पाल के साथ किया। कार्यक्रम का संचालन जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता ने किया।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में सिविल लाइंस के होटल विट्ठल में भीषण आग, मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां