प्रधानमंत्री, गृहमंत्री गद्दार, इन्होंने संविधान को खत्म किया- राहुल गांधी

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 20 May 2026, 02:49 pm
news-banner

रायबरेली में राहुल गांधी ने भाजपा और RSS पर संविधान खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने महंगाई, पेट्रोल-डीजल कीमतों और आर्थिक संकट को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला और कहा कि आने वाले समय में जनता को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को रायबरेली में भाजपा और RSS पर जमकर निशाना साधा। बहुजन स्वाभिमान सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब RSS के कार्यकर्ता सामने आएं तो उनसे खुलकर कहिए कि आपका प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संगठन गद्दार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और RSS ने संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम किया है। राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले समय में देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और महंगाई आम लोगों की कमर तोड़ देगी। उन्होंने दावा किया कि पेट्रोल-डीजल, गैस और रोजमर्रा की चीजों के दाम तेजी से बढ़ने वाले हैं। राहुल दो दिन के दौरे पर रायबरेली पहुंचे थे और बाद में अमेठी के गौरीगंज में कार्यकर्ता सम्मेलन में भी शामिल हुए।


संविधान और आरक्षण के मुद्दे पर सरकार को घेरा

सभा में राहुल गांधी ने संविधान की प्रति दिखाते हुए कहा कि यह सिर्फ किताब नहीं, बल्कि देश की आत्मा है। उन्होंने कहा कि संविधान में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी, गुरु नानक, कबीर और भगवान बुद्ध की आवाज शामिल है। राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा और RSS संविधान की मूल भावना को खत्म करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका, मीडिया और विश्वविद्यालयों जैसी संस्थाओं में विचारधारा के आधार पर लोगों की नियुक्तियां की जा रही हैं। राहुल गांधी ने कहा कि यूनिवर्सिटीज में ऐसे कुलपति बैठाए गए हैं जिन्हें इतिहास और भूगोल तक की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि आरक्षण और सामाजिक न्याय की व्यवस्था पर लगातार हमला किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने देगी।


महंगाई और आर्थिक संकट को लेकर दी चेतावनी

राहुल गांधी ने कहा कि देश में जल्द आर्थिक तूफान आने वाला है। उन्होंने अमेरिका और ईरान के तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इसका असर भारत पर भी पड़ेगा और महंगाई तेजी से बढ़ेगी। राहुल ने आरोप लगाया कि बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए आम जनता की जेब पर बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, युवा और छोटे व्यापारी परेशान हैं, लेकिन सरकार सिर्फ प्रचार में व्यस्त है। राहुल गांधी ने दावा किया कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर टीवी पर आकर लोगों से भावुक अपील करेंगे। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और कोरोना काल की तरह इस बार भी जनता को परेशानी झेलनी पड़ेगी। राहुल ने कहा कि देश किसी एक संगठन या जाति का नहीं, बल्कि सभी नागरिकों का है और संविधान की रक्षा करना हर भारतीय की जिम्मेदारी है।


2027 चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस

राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद यह उनका सातवां रायबरेली दौरा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस अब 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। अमेठी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में राहुल गांधी के साथ सांसद किशोरी लाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और विधायक आराधना मिश्रा मोना भी मौजूद रहे। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से संविधान और सामाजिक न्याय की लड़ाई को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में 21वीं सदी के नए महात्मा गांधी और अंबेडकर जनता के बीच से ही निकलेंगे।


यह भी पढ़ें-  मोदी की नॉर्वे प्रेस मीट पर राहुल गांधी का हमला, बोले- सवालों से क्यों डर रहे PM मोदी

advertisement image