Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 02 Dec 2025, 11:11 am
बलरामपुर में सोमवार देर रात ढाई बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक की टक्कर से बस में भीषण आग लग गई। हादसे में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि 24 यात्री झुलस गए। इनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस (UP 22 AT 0245) नेपाल बॉर्डर के पास सुनौली से रवाना हुई थी और दिल्ली जा रही थी। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश नेपाल के रहने वाले थे। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर का अब तक पता नहीं चल पाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस करीब 100 मीटर घिसटते हुए हाईटेंशन लाइन के खंभे से जा टकराई। टक्कर के साथ ही खंभा टूटकर बस पर गिर गया, जिससे उसमें करंट फैल गया और शॉर्ट सर्किट के बाद आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में बस आग के गोले में बदल गई और यात्री अंदर ही फंस गए। जान बचाने के लिए कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर छलांग लगाई, जबकि कुछ यात्री अंदर ही फंसे रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने और फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बस की तलाशी के दौरान तीन शव बरामद हुए, जिनमें दो पूरी तरह से जल चुके थे।
टक्कर में शामिल ट्रक (UP 21 DT 5237) में गर्म कपड़े लदे थे, जिसके कारण उसमें भी आग लग गई। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और जब पुलिस ने उसे सीधा किया तो उसके नीचे से एक झुलसा हुआ शव मिला। पुलिस के अनुसार यह शव संभवतः ट्रक में बैठे व्यक्ति का हो सकता है। हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र के फुलवरिया बाइपास पर हुआ।
दस्तावेजों के मुताबिक, बस दामोदर भंडारी, निवासी आदर्श कॉलोनी, सिविल लाइंस, रामपुर सिटी के नाम रजिस्टर्ड है, जबकि ट्रक शाने अली नन्हे, निवासी ग्राम ईंधनपुर, हसनपुर, तहसील बिलारी, फरीदी (मुरादाबाद) के नाम दर्ज है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है और राहत-बचाव कार्य जारी है।