Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Mar 2026, 12:23 pm
उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में रविवार देर रात तेज आंधी के साथ बारिश हुई और कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। मुजफ्फरनगर में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जबकि बिजनौर में तेज हवा के कारण पेड़ उखड़ गए और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे व होर्डिंग्स गिर गए। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए वाराणसी समेत 43 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहीं 17 जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। विभाग के मुताबिक पहाड़ों में हो रही बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है।
कई शहरों में तेज हवा और बारिश
रविवार को भी प्रदेश के कई शहरों में मौसम बदला हुआ नजर आया। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और अयोध्या समेत करीब 15 शहरों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। लखनऊ में बूंदाबांदी के साथ धूलभरी आंधी चली। हरदोई और सीतापुर में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत तीन लोग झुलस गए। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना भी है।
बारिश और ओलों से किसानों की चिंता बढ़ी
बेमौसम बारिश, ओले और तेज हवाओं का असर खेतों में खड़ी फसलों पर भी दिखाई देने लगा है। किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल पकने की स्थिति में है। ऐसे में तेज हवा और बारिश से बालियां झुक जाती हैं, जिससे कटाई के समय परेशानी होती है और दाने खराब होने का खतरा भी बढ़ जाता है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार नमी रहने से फसलों में रोग लगने की संभावना भी बढ़ सकती है। हालांकि कुछ दलहनी और सब्जी वाली फसलों को हल्की बारिश से फायदा भी हो सकता है।
प्रशासन को फील्ड में उतरने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी ने रविवार सुबह बारिश और आंधी से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली थी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को फील्ड में जाकर किसानों से सीधे बातचीत करने और नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही राहत आयुक्त को भी अधिकारियों के संपर्क में रहकर प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि जहां भी फसलों को नुकसान हुआ है, वहां रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- यूपी में बदला मौसम, बुलंदशहर में हुई बारिश, 13 जिलों में बारिश-ओले का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल